Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल में बिहार की टीम होगी या नहीं यह तो वक्त बताएगा, लेकिन 15 साल के सूर्यवंशी ने यह तय कर दिया कि बिना 'बिहारी' के आईपीएल नहीं होगा। वैभव ही नहीं आईपीएल 2026 में बिहार के 8 खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला। वैभव के अलावा साकिब हुसैन, अनुकूल रॉय, मोहम्मद इजहार, सार्थक रंजन, मुकेश कुमार और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को जब भी मौका मिला, उन्होंने अपनी टीम को निराश नहीं किया। आने वाले समय में यह संख्या और भी बढ़ेगी। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की इसलिए हो रही है, क्योंकि उन्होंने ऐसी बैटिंग की जो आज तक आईपीएल इतिहास में किसी ने नहीं की थी।
बहुते संस्कारी और खूब विध्वंसकारी
बीते साल अक्टूबर में मनोज तिवारी ने छठ पर्व और बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक गाना गाया था, गाने के बोल थे, हां हम बिहारी हैं जी, थोड़े संस्कारी हैं जी, लेकिन 15 साल के वैभव ने साबित किया कि बिहारी थोड़े नहीं बहुते संस्कारी हैं। इसकी गवाही पूरी दुनिया ने दी जब वैभव पूरे सीजन एक-दम संस्कारी लगे जब उन्होंने सुनील गावस्कर से लेकर हरभजन तक के पैर छूए, लेकिन उनका यह संस्कार तभी तक था जब उनके हाथ में बल्ला नहीं था। बल्ला हाथ में आते ही वैभव विरोधी गेंदबाजों का चीर हरण तक कर दे रहे थे। वैभव ने कमिंस सहित कुल 8 गेंदबाजों को पहली गेंद परछक्का जड़ा। नतीजा आईपीएल 2026 के बाद वैभव का क्रेज इतना बढ़ गया है कि करीब 11 करोड़ बिहारी गर्व से कह रहे हैं कि हां हम बिहारी हैं जी।

वैभव सूर्यवंशी
मुंबई को बताया क्या होती है तेजी
वैभव सूर्यवंशी ने टी20 गेम को बदलकर रख दिया। मुंबई और बिहारियों का पुराना नाता रहा है, लेकिन इस सीजन सबसे तेज शहर का टैग लिए मुंबई को वैभव ने बताया कि तेज होना, दरअसल कहते किसको हैं? वैभव ने टी20 में सबसे तेज 1000 रन से लेकर सबसे तेज 1000 आईपीएल रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इतना ही नहीं सबसे तेज 50 आईपीएल छक्कों का रिकॉर्ड भी वैभव के नाम ही रहा। वैभव ने पूरे सीजन 237.31 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग की और पावरप्ले में 500 प्लस रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने।

वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)
वैभव सूर्यवंशी जैसा कोई नहीं...
आईपीएल 2026 के बाद वैभव सूर्यवंशी को इसलिए नहीं भुलाया जा सकेगा, क्योंकि उन्होंने कुछ ऐसा कर दिखाया जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। ऑरेंज कैप सहित वैभव ने 5 अवॉर्ड बटोरे जो एक सीजन किसी भी खिलाड़ी का सर्वाधिक रहा। वैभव ने इस सीजन 16 मैच में 48.50 की औसत और 237.31 की स्ट्राइक रेट 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक और एक शतक जड़े। 5 अर्धशतक में 3 बार उन्होंने 90 प्लस का स्कोर किया।
इसके अलावा वैभव एक सीजन में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बने और उन्होंने द ग्रेट यूनिवर्स बॉस को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने 72 छक्के और 63 चौके जड़े। इसके अलावा वैभव ने एक सीजन बतौर अनकैप्ड खिलाड़ी सर्वाधिक रन, पावरप्ले में सर्वाधिक रन, एक सीजन में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

वैभव सूर्यवंशी (साभार-x)
अब वैभव के आगे की राह
वैभव सूर्यवंशी ने अपने खेल से चीफ सेलेक्टर का दरवाजा ना केवल खटखटाया है, बल्कि उसे तोड़ दिया है। नतीजा आगामी इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए जब टीम इंडिया की घोषणा होगी कि तो उसमें वैभव का नाम होना तय है। ऐसा सुनील गावस्कर कह चुके हैं कि टी20 के लिए वो पूरी तरह से तैयार हैं। इससे पहले उन्हें श्रीलंका दौरे पर इंडिया ए के लिए खेलना है जहां से उनके इंग्लैंड दौरे पर चुने जाने की संभावना, सुनिश्चितता में बदलेगी। वैभव ने पिछले दो साल में अपने खेल से साबित किया है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में और उज्ज्वल है।
