क्रिकेट

संन्यास की अटकलों पर चुप्पी तोड़ेंगे उस्मान ख्वाजा, सिडनी टेस्ट से पहले करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

उस्मान ख्वाजा के संन्यास पर अटकलें लगाई जा रही हैं, ऐसे में सिडनी में रविवार से खेले जाने वाले एशेज सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट से पहले वो अपने वो प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

Image

उस्मान ख्वाजा(फोटो क्रेडिट Usman Khawaja X)

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच जारी एशेज सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट 4 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाना है। ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 3-1 से आगे चल रही है। सिडनी टेस्ट से पहले सीनियर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के संन्यास पर अटकलें लगाई जा रही हैं। इस मुद्दे पर सिडनी टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ख्वाजा अपनी स्थिति साफ करेंगे।

द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, उस्मान ख्वाजा शुक्रवार की सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और अपने टेस्ट भविष्य को लेकर चल रही अफवाहों पर स्थिति स्पष्ट करेंगे। ख्वाजा की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम के ट्रेनिंग सेशन से पहले रखी गई है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइक क्लार्क ने कहा है कि उस्मान ख्वाजा के लिए सिडनी टेस्ट के बाद संन्यास का फैसला उचित होगा।

कोड स्पोर्ट्स से बात करते हुए क्लार्क ने कहा कि मुझे लगता है कि यह उस्मान का विदाई टेस्ट मैच होगा। मुझे नहीं लगता कि यह कोई नाम मात्र का चयन है। वह सिडनी टेस्ट के लिए निश्चित रूप से चुने जाएंगे और इस टेस्ट के बाद रिटायर हो जाएंगे। क्लार्क ने कहा कि मै चाहता हूं कि वह सिडनी टेस्ट में शतक बनाए और खुशी से संन्यास ले। ऐसा मौका सभी को नहीं मिलता।

उस्मान ख्वाजा के लिए मौजूदा एशेज सीरीज मुश्किल रही है। पहले टेस्ट में असफल रहे ख्वाजा को दूसरे टेस्ट में इंजरी की वजह से बाहर होना पड़ा था। एडिलेड टेस्ट में उन्हें बीमार स्टीव स्मिथ की जगह आखिरी समय में प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। मेलबर्न में टीम में उनकी जगह बरकरार रही। सिडनी टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में भी उनका चुना जाना तय है। वह इस सीरीज में 2, 82, 40, 29, और 0 का स्कोर कर सके हैं।

माना जा रहा है कि 39 साल के ख्वाजा सिडनी टेस्ट के बाद अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह सकते हैं। 2011 में टेस्ट डेब्यू करने वाले ख्वाजा 87 टेस्ट की 157 पारियों में 43.39 की औसत से 16 शतक और 28 अर्धशतक की मदद से 6,206 रन बना चुके हैं।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article