क्रिकेट

U19 Mens Cricket World Cup 2026: अमेरिका ने किया अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई, तय हुईं 16 टीम

विकेटकीपर-बल्लेबाज अर्जुन महेश की अगुवाई में अमेरिका की टीम अगले साल जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप के लिए अपना टिकट पक्का कर लिया है।

Image

अमेरिका की अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट @usacricket X)

दुबई: विकेटकीपर-बल्लेबाज अर्जुन महेश की अगुवाई में अमेरिका की टीम अगले साल जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप में जगह बनाने वाली 16वीं और अंतिम टीम बन गई। टीम ने जॉर्जिया के राइडल में खेले गए डबल राउंड-रॉबिन क्वालीफायर में कनाडा, बरमूडा और अर्जेंटीना को हराकर एक मैच रहते इस वैश्विक प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली।

ऐसा रहा अमेरिकी टीम का क्वालीफायर्स में सफर

अमेरिका ने कनाडा पर 65 रन की जीत के साथ शुरुआत की। इसके बाद उसने बरमूडा और अर्जेंटीना के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की। अमेरिका के गेंदबाजों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए ‘रिटर्न’ चरण में बरमूडा और अर्जेंटीना को हराकर 10 अंक हासिल किए जो विश्व कप में उनकी जगह पक्की करने के लिए काफी थे। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अमरिंदर सिंह गिल ने तीन पारियों में 199 रन बनाए जबकि अंश राय और साहिर भाटिया की स्पिन गेंदबाजी जोड़ी ने सात-सात विकेट लिए। अब अमेरिका की टीम अपना आखिरी मैच शनिवार को कनाडा के खिलाफ खेलेगी।

ये हैं टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 16 टीम

दक्षिण अफ्रीका में हुए 2024 चरण की शीर्ष 10 टीमों ने पूर्ण सदस्य मेजबान जिम्बाब्वे के साथ 2026 के टूर्नामेंट के लिए स्वतः ही क्वालीफाई कर लिया है। बची हुई पांच टीम क्षेत्रीय क्वालीफायर से तय हुईं। जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, आयरलैंड, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने स्वत: क्वालीफाई किया जबकि अमेरिका, तंजानिया, अफगानिस्तान, जापान और स्कॉटलैंड क्षेत्रीय क्वालीफाइंग प्रतियोगिता से तय हुईं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article