क्रिकेट

IPL 2026: सुनील नरेन ने की बड़ी भविष्यवाणी, यह खिलाड़ी साबित हो सकता है कोलकाता के लिए एक्स फैक्टर

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले धाकड़ कैरेबियाई गेंदबाज सुनील नरेन ने जम्मू कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक के आगामी आईपीएल सीजन में प्रदर्शन को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

सुनील नरेन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

दुबई: स्टार स्पिनर सुनील नारायण ने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सत्र में आंद्रे रसेल की मैदान पर पावर हिटिंग की कमी खलेगी लेकिन उन्हें लगता है कि उमरान मलिक अपनी 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से की गई गेंदबाजी के कारण टीम के लिए ‘एक्स फैक्टर’ साबित हो सकते हैं। तेज गेंदबाज उमरान कूल्हे की चोट के कारण पिछले सत्र में बाहर रहने के बाद केकेआर के लिए पदार्पण के लिए तैयार हैं और नारायण को लगता है कि जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज में फ्रेंचाइजी का अगला तुरूप का इक्का बनने की क्षमता है।

उमरान साबित हो सकते हैं एक्स फैक्टर

नारायण ने पीटीआई से कहा, 'वह एक बेहतरीन गेंदबाज़ हैं। मुझे लगता है कि आईपीएल में छोटे मैदान और अच्छी पिचें होने के कारण आपको तेज़ गेंदबाज़ी के लिए एक एक्स फैक्टर की ज़रूरत होती है। मुझे लगता है कि उमरान काफी अच्छा प्रदर्शन करेगा।' उमरान ने 18 महीने से अधिक समय तक मैदान से बाहर रहने के बाद इस घरेलू सत्र में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की और जम्मू-कश्मीर के लिए सैयद मुश्ताक अली में पांच विकेट लेकर उन्होंने तुरंत ही अपनी लय पकड़ ली। उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच में उन्होंने 37 रन देकर तीन विकेट लिए और अपनी गति और तेज उछाल से केकेआर के अपने साथी रिंकू सिंह सहित अन्य बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया।

उम्मीद है फिट रहेंगे उमरान

सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा रिलीज किए जाने के बाद उमरान को आईपीएल 2025 से पहले केकेआर ने उनके आधार मूल्य 75 लाख रुपये में अपनी टीम से जोड़ा था लेकिन चोटिल होने के कारण वह पिछले सत्र में नहीं खेल पाए थे। केकेआर को तीन आईपीएल खिताब दिलाने वाले अहम सदस्य नारायण ने कहा,'उम्मीद है कि वह फिट रहेंगे। मैं उन्हें 145-150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से गेंदें फेंकते हुए देखने के लिए उत्सुक हूं।'

रसेल की खलेगी टीम में कमी

रसेल ने हाल में आईपीएल से संन्यास लेने की घोषणा की और नारायण ने कहा कि टीम को उनकी कमी खेलेगी। उन्होंने कहा,'निश्चित तौर पर हमें मैदान पर ड्रेरस (रसेल) की कमी खलेगी। एक बार जब वह बल्लेबाजी के लिए उतर जाते हैं और जब तक वह क्रीज पर रहते हैं तब तक कितना भी बड़ा लक्ष्य हो उसे हासिल करने की संभावना बनी रहती है। उनकी जगह को भरना एक चुनौती होगी।'

टी20 में 600 विकेट चटकाना है बड़ी उपलब्धि

त्रिनिदाद का यह गेंदबाज टी20 इतिहास में 600 विकेट लेने वाला तीसरा गेंदबाज बन गया है। उन्होंने शारजाह वॉरियर्स के खिलाफ आईएलटी20 मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। नारायण ने कहा,'यह मेरे लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैंने त्रिनिदाद जैसे छोटे देश से शुरुआत की थी और अब यहां 600 विकेट लेने वाला गेंदबाज बन गया हूं। यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। मैं 600 क्लब का हिस्सा बनकर खुश हूं और उम्मीद है कि आगे भी इसी तरह विकेट लेता रहूंगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article