क्रिकेट

टीम इंडिया में वापसी का नहीं टूटा है उमरान मलिक का सपना, गेंदबाजी के इस पहलू पर कर रहे हैं काम

रफ्तार के शहंशाह के रूप में विख्यात जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक का टीम इंडिया में वापसी का सपना नहीं टूटा है। टीम में वापसी और गेंदबाजी में धार के लिए वो इन दो पहलुओं पर काम कर रहे हैं।

Image

उमरान मलिक(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

कोलकाता: तेज गेंदबाज उमरान मलिक चोट से वापसी करने के बाद फिर से भारतीय टीम में जगह बनाने का सपना देख रहे हैं और इसके लिए वह 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने की अपनी काबिलियत और धीमी गेंद तथा तेज यॉर्कर जैसी नई खूबियों पर भरोसा कर रहे हैं। भारत के लिए 10 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय में 24 विकेट लेने वाले उमरान कई वजहों से जुलाई 2023 से भारतीय टीम से दूर हैं लेकिन इन झटकों का उनके जोश पर कोई असर नहीं पड़ा है।

150 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाला बॉलर होता है राजा

उमरान ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के खिलाफ जम्मू-कश्मीर के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,'मैं आपको एक बात बता दूं कि जो 150 किमी की गति से गेंदबाजी करते हैं वे स्ट्राइक गेंदबाज नहीं होते,वे अटैकिंग गेंदबाज होते हैं। वे चार (ओवर) में 30 (रन) खाएंगे लेकिन आपको विकेट भी देंगे। एक तेज गेंदबाज ऐसा ही होता है। उसे पता होना चाहिए कि उसे क्या करना है। जो गेंदबाज 150 किग्रा प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करता है उसे पता होता है कि वह राजा है और उसे खुद पर भरोसा करना होता है। हर कोई 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी नहीं कर सकता। 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने के लिए असली हिम्मत चाहिए और मैं पिछले पांच वर्षों से यह कर रहा हूं।'

तेज रफ्तार से गेंदबाजी करना है एक कला

उमरान ने इस बात पर जोर दिया कि इस रफ्तार के साथ गेंदबाजी करना कोई ऐसी चीजी नहीं है जिसे कोई कड़ी मेहनत से हासिल कर सके। उन्होंने कहा,'150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करना एक कला है, आप सीधे 137 से 145 पर नहीं जा सकते। ट्रेनिंग करो, जो चाहो करो - यह प्रकृतिक है, यह सब स्वाभाविक है। आपको खुद को उसी हिसाब से ट्रेन करने, ठीक से खाने, ठीक से आराम करने, अपने शरीर को तरोताजा रखने की जरूरत है ताकि आप कल की प्रक्रिया के लिए तैयार रहें। गति मेरा प्राकृति पहलू है, मैं उससे कैसे समझौता कर सकता हूं? ट्रेनिंग, रनिंग, कार्डियो-आपको इसे बरकरार रखना होता है। कोई विशेष खानपान नहीं है। गति मेरी ताकत है। मुझे अपनी ताकत वापस पानी है।'

आईपीएल 2024 के बाद से चोट से जूझ रहे हैं मलिक

उमरान ने आईपीएल 2024 में 156.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की थी लेकिन तब से कई चोटों और बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी काबिलियत या अपने भविष्य पर कभी शक नहीं हुआ। उन्होंने कहा,'ऐसा नहीं है कि मैं मानसिक रूप से खराब महसूस कर रहा था। मुझे पता है कि मैं अब अच्छा करूंगा। मैं भारतीय टीम में वापस आऊंगा। मुझे खुद पर भरोसा है क्योंकि मैं अकेला हूं जो 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करता है। लेकिन अब मैं धीमी गेंद भी डाल रहा हूं जिस पर मैं काम कर रहा हूं और यॉर्कर भी। मैं लाल गेंद के प्रारूप में भी ऐसा कर रहा हूं। मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article