क्रिकेट

यूएई दे सकता है PCB को करारा झटका, कर सकता है PSL की मेजबानी से इनकार

भारत पाकिस्तान सैन्य विवाद के बीच यूएई दे सकता है पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को करारा झटका। दुबई में पीएसएल के आयोजन के अरमानों पर फिर सकता है पानी।

Image

पाकिस्तान सुपर लीग

दुबई: पाकिस्तान सुपर लीग के बाकी मैच संयुक्त अरब अमीरात में कराने की पीसीबी की योजना धरी रह सकती है क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव को देखते हुए अमीरात क्रिकेट बोर्ड द्वारा इसे मंजूर करने की संभावना कम ही है। अमीरात क्रिकेट बोर्ड के सूत्रों ने संकेत दिया है कि बोर्ड पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के ऐसे किसी भी अनुरोध को खारिज कर सकता है। पीसीबी पहले ही ऐलान कर चुका है कि पीएसएल यूएई में होगा। सूत्र ने इसके लिये सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है।

यएई नहीं करना चाहता है बीसीसीआई को नाराज

समझा जाता है कि हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर अमीरात क्रिकेट बोर्ड यह संकेत नहीं देना चाहता कि वह पीसीबी का मददगार है और पीएसएल की मेजबानी से ऐसा ही संकेत जायेगा। सूत्र ने कहा,'अमीरात क्रिकेट बोर्ड के हाल ही के कुछ वर्षों में बीसीसीआई से मजबूत रिश्ते रहे हैं। इसने टी20 विश्व कप 2021 और चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान भारत के मैचों के अलावा आईपीएल की भी मेजबानी की है।'

पीएसएल के आयोजन से बिगड़ सकती है समरसता

दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का मुख्यालय भी है जिसके अध्यक्ष बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह हैं। सूत्र ने कहा,'यूएई में काफी तादाद में दक्षिण एशियाई हैं जिन्हें क्रिकेट काफी पसंद है। इतने तनाव के बीच पीएसएल की मेजबानी करने से समरसता बिगड़ सकती है,सुरक्षा को लेकर खतरा हो सकता है और दोनों समुदायों के बीच अनावश्यक तनाव हो सकता है।'

पीएसएल के बाकी हैं 8 मैच, यूएई में आयोजन की है योजना

पीसीबी ने सुबह ही कहा था कि पीएसएल के बाकी आठ मैच यूएई में होंगे जो रावलपिंडी, मुल्तान और लाहौर में होने थे। पहलगाम में 22 अप्रैल के आतंकवादी हमले की जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किये थे। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकांश पर्यटक थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article