Aaj Ke Match Ki Playing 11: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स गुरुवार को एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच टक्कर हमेशा कांटे की रही है। दोनों टीमों के बीच कुल 34 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें दोनों बराबरी पर हैं। वहीं, वानखेड़े में भी हिसाब 5-5 का रहा है। 2025 सीजन में पंजाब किंग्स ने दोनों मैच अपने नाम किए थे। ऐसे में गुरुवार को वानखेड़े में होने वाला यह मुकाबला संतुलन बदलने का बड़ा मौका लेकर आ रहा है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ पिछले मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण रोहित लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। मुंबई को अब हर हाल में जीत की दरकार है और ऐसे में यह देखना होगा कि रोहित इस मैच के लिए उपलब्ध रहते हैं या नहीं। वैसे अगर मुंबई को अगर वापसी करनी है तो उसके सभी खिलाड़ियों को अपना योगदान देना होगा।
चहल की फिरकी से बचकर रहना होगा
मुंबई के खिलाफ युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड काफी अच्छा है, जहां उन्होंने 21 पारियों में 16.2 के स्ट्राइक रेट से 30 विकेट चटकाए हैं। चहल ने सूर्यकुमार यादव को 13 पारियों में चार बार आउट किया है। वहीं, हार्दिक पांड्या को भी 15 पारियों में चार बार पवेलियन भेजा है और उनके खिलाफ महज 95 के स्ट्राइक रेट से रन दिए हैं। आईपीएल 2026 की बात करें तो चहल ने तीन पारियों में 8.2 की इकॉनमी से तीन विकेट लिए हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ पिछले सीजन से अब तक उन्होंने 16 पारियों में 16 विकेट झटके हैं।
बुमराह और अर्शदीप का खराब दौर
जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप इस सीजन में अब तक लय हासिल नहीं कर पाए हैं। बुमराह ने 4 पारियों में एक भी विकेट नहीं लिया है। इससे पहले 2014 में उनके साथ ऐसा हुआ था। वहीं, अर्शदीप ने 4 पारियों में सिर्फ दो विकेट लिए हैं, उनका इकॉनमी 10.6 और स्ट्राइक रेट 42 है। खास तौर पर पावरप्ले में वह पिछली 10 पारियों में 20 ओवर डालकर भी एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं, जहां उनका इकॉनमी 10.8 रहा है।
सूर्या को बिखेरनी होगी चमक
सूर्यकुमार यादव का इस सीजन आगाज धीमा रहा है। इस सीजन उन्होंने 4 पारियों में 26.5 की औसत और 154 के स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। तेज गेंदबाजों के खिलाफ वह तीन बार आउट हुए हैं। सिर्फ यही नहीं, तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनका औसत 9.7 और स्ट्राइक रेट 171 है। हालांकि पंजाब के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने 20 पारियों में 31.9 की औसत और 157 के स्ट्राइक रेट से 606 रन बनाए हैं। किसी एक टीम के खिलाफ यह उनका सबसे बड़ा आंकड़ा है।
MI vs PBKS की संभावित प्लेइंग इलेवन-
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन- रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा/विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, हार्दिक पांड्या, मिचेल सैंटनर, मयंक मार्कंडेय, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट
इंपैक्ट सब- शेरफेन रदरफोर्ड
पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन- प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन, कूपर कॉनली, श्रेयस अय्यर, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यान्सन, बार्टलेट, विजय कुमार वैश्याक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
इंपैक्ट सब- नेहाल वढेरा
