स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Tim Seifert and Finn Allen IPL Team 2026: टी20 वर्ल्ड कप समाप्त होने के बाद फैंस की नजरें अब आईपीएल 2026 पर टिक गई हैं। 28 मार्च से शुरू होने वाली दुनिया की सबसे महंगी लीग में क्रिकेटर्स अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। टीमों ने तैयारी शुरू कर दी है। खिलाड़ी ट्रेनिंग कैंप में धीरे-धीरे पहुंचने लगे हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनकी चर्चा तेज हो गई हैं।
आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) फूली नहीं समा रही होगी कि उसने दो ऐसे खिलाड़ियों पर दांव खेला है जिसने टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में गदर मचा दिया। ये दोनों खिलाड़ी कीवी टीम के सलामी बल्लेबाज फिन एलन (Finn Allen) और टिम साइफर्ट (Tim Seifert) हैं। एक समय था जब पिछले साल दिसंबर में हुई मिनी नीलामी में इन दोनों खिलाड़ियों को कोई पूछने वाला नहीं दिखाई दे रहा था। ऐसे में केकेआर ने एलन को दो करोड़ और टिम साइफर्ट को डेढ़ करोड़ में अपने साथ जोड़ा।
एलन और साइफर्ट ने मिलकर बनाए 400 रन
अब जब टी20 वर्ल्ड कप समाप्त हो गया है तो बाकी फ्रेंचाइजियां अफसोस कर रही होंगी की ऑक्शन के दौरान क्यों उन्होंने इन खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगाई। इस टी20 वर्ल्ड कप में एलन और साइफर्ट की जोड़ी ने मिलकर 400 से अधिक रनों की साझेदारी की। साइफर्ट ने टूर्नामेंट में 326 रन बनाए हैं, जो दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। वहीं, एलन इस सूची में पांचवें स्थान पर रहे। उनके बल्ले से 298 रन निकले।
एलन ने जड़ा है सबसे तेज शतक
एलन टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज (33 गेंद में नाबाद 100 रन) बन गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन्स में सेमीफाइनल में यह कमाल किया था, जो आगामी आईपीएल में उनका घरेलू मैदान होने वाला है। एलन न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज टी20 शतक बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि आईपीएल के इस सीजन केकेआर के लिए यही दोनों बल्लेबाज ओपनिंग करते हुए दिखाई दे सकते हैं।
केकेआर की खत्म हुई ओपनिंग जोड़ी
आईपीएल के पिछले कुछ सीजन में केकेआर के लिए ओपनिंग जोड़ी समस्या रही है। केकेआर ने कई बार प्रयोग किए लेकिन हल नहीं निकला। ऐसे में एलन और साइफर्ट की फॉर्म को देखते हुए लग रहा कि केकेआर की यह समस्या अब दूर हो गई है। केकेआर के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ 17 मार्च को कोलकाता पहुंचेंगे और 18 मार्च से अभ्यास शुरू करेंगे। केकेआर ने तीन बार आईपीएल की ट्रॉफी जीती है। चौथी बार वह इतिहास रचने को बेताब होगी।
