नई दिल्ली: आईपीएल 2023 में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के लिए टी20 और वनडे डेब्यू कर चुके युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा मौजूदा रणजी सीजन में अपने शानदार प्रदर्शन के बल पर टेस्ट टीम का भी दरवाजा खटखटा रहे हैं। वर्मा ने शनिवार को सिक्किम के खिलाफ हैदराबाद में 111 गेंद में 103 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। इस पारी के दौरान तिलक ने 8 चौके और 4 छक्के भी जड़े।
दो मैच में जड़े दो आतिशी शतक
इससे पहले तिलक वर्मा ने हैदराबाद के लिए नागालैंड के खिलाफ सोविमा में नाबाद 100 रन की पारी खेली थी। 112 गेंद में 100 रन की नाबाद शतकीय पारी के दौरान वर्मा ने 6 चौके और 4 छक्के जड़े थे। तिलक मौजूदा रणजी सीजन के 2 मैच की 2 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए कुल 203 रन बना चुके हैं जिसमें दो शतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी इस दौरान 91.03 का रहा है। इस दौरान उन्होंने 14 चौके और 8 छक्के जड़े हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिल सकता है मौका
अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को टेस्ट टीम से बाहर का रास्ता दिखाए जाने के बाद टेस्ट टीम के मध्यक्रम में युवा बल्लेबाजों की तलाश जारी है। हैदराबाद की रणजी ट्रॉफी में कप्तानी कर रहे 21 वर्षीय तिलक उन जगहों को भरने के लिए उपयुक्त उम्मीदवार हैं। अगर वो अपना फॉर्म रणजी ट्रॉफी में जारी रखते हैं तो इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज के दौरान उन्हें टेस्ट डेब्यू का मौका मिल जाए तो इस बात पर किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
