क्रिकेट

Tilak Verma Century: तिलक वर्मा ने रचा इतिहास, बने लगातार दो T20I शतक जड़ने वाले सबसे युवा प्लेयर

भारत के 22 वर्षीय युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे के बाद चौथे टी20 मुकाबले में भी शतक जड़कर अपना नाम इतिहास और रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया।

Image

तिलक वर्मा

Photo : AP

Tilak Verma Back to Back T20I Century: टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दूसरे टी20 मुकाबले में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। इससे पहले सेंचूरियन में खेले गए सीरीज के तीसरे टी20 मैच में तीसरे पायदान पर बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा ने 56 गेंद में नाबाद 107* रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने अपने शानदार फॉर्म को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स क्रिकेट स्टेडियम में भी जारी रखते हुए 41 गेंद में लगातार दूसरा शतक जड़ दिया। तिलक और संजू सैमसन के बीच दूसरे विकेट के लिए 86 गेंद में नाबाद 210 रन की साझेदारी हुई। तिलक 47 गेंद में 120 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 10 छक्के जड़े और टीम को 20 ओवर में 1 विकेट पर 275 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।

लगातार दो T20I शतक जड़ने वाल सबसे युवा प्लेयर

तिलक वर्मा पिछले टी20 में शतक जड़ने के बाद टॉप-10 टीमों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 में शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 में लगातार दो शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। उनसे पहले केवल 4 खिलाड़ी लगातार दो अंतरराष्ट्रीय टी20 में लगातार दो शतक जड़ने में सफल हुए हैं। फ्रांस के गुस्ताव मेकॉन, दक्षिण अफ्रीका के रिली रूसो, इंग्लैड के फिल साल्ट, भारत के संजू सैमसन ने ये कारनाम किया था। भारत के दो बल्लेबाजों ने महज 5 मैच के अंतराल में इस स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली है।

95 के स्कोर पर मिला जीवनदान

तिलक वर्मा को गेराल्ड कोएत्जी की गेंद पर मार्को यानसेन ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर जीवनदान दिया। आसान सा कैच यानसेन ने छोड़ दिया। इस जीवनदान का तिलकवर्मा ने फायदा उठाया और अपना शतक 41 गेंद में 6 चौके और 9 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

लगातार दो शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय

तिलक वर्मा अंतरराष्ट्रीय टी20 में लगातार दो शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। इससे पहले संजू सैमसन ने बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबलों में ये कारनामा किया था। ऐसे में टीम इंडिया में चोट से उबरकर वापसी करने वाले तिलक वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज के तीसरे और चौथे मुकाबलों में शतक जड़कर ये उपलब्धि हासिल कर ली।

एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय

तिलक वर्मा मे भारत के लिए एक अंतरराष्ट्रीय टी20 में साझा रूप से सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले रोहित शर्मा ने इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ 2017 में 10 छक्के जड़े थे। वहीं संजू सैमसन ने सेंचूरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 10 छक्के जड़े थे। अब ये कारनामा तिलक वर्मा ने कर दिखाया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article