क्रिकेट

13 साल की स्वरा जाधव बनी पर्पल कैप विनर, वैभव ने 15 साल में जीता था ऑरेंज कैप

13 साल की स्वरा जाधव ने पहले टी20 मुंबई लीग में पर्पल कैप अपने नाम कर लिया। हाल ही में जब 15 साल के वैभव ने आईपीएल में यह कारनामा किया था तो फैंस ने उन्हें रातो-रात स्टार बना दिया। अब आने वाले विमेंस प्रीमियर लीग में स्वरा जाधव पर फ्रेंचाइजी टूट पड़ेंगे।

Image

स्वरा जाधव (साभार-X)

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने 237.31 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 776 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप सहित 5 अवॉर्ड अपने नाम किया था। 15 साल के वैभव की खूब तारीफ हुई थी और होनी भी चाहिए, क्योंकि आज से पहले यह कारनामा और किसी ने नहीं किया था, लेकिन अब मुंबई टी20 लीग में एक 13 साल की स्वरा जाधव ने गेंदबाजी में जादू बिखेरा है और पर्पल कैप अपने नाम करके सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सोबो मुंबई फाल्कन्स की ओर से खेलते हुए स्वरा ने यह कमाल किया है। टूर्नामेंट में सबसे कम उम्र की खिलाड़ी के तौर में शामिल हुई स्वरा ने 10 विकेट लेकर ना केवल पर्पल कैप अपने नाम कर लिया बल्कि फाल्कन्स को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

पर्पल कैप जीतने के बाद स्वरा जाधव ने कहा, "सायली मैदान और मैदान के बाहर, दोनों ही तरह से एक बहुत ही सहयोगी कप्तान रही हैं। वह हमेशा मुझे प्रोत्साहित करती हैं, मुझे ज़मीन से जोड़े रखती हैं और अलग-अलग परिस्थितियों में अपनी गेंदबाजी को कैसे संभालना है, इस बारे में मेरा मार्गदर्शन करती हैं। मैच के दौरान आपके आस-पास बहुत शोर हो सकता है, चाहे वह दर्शकों का शोर हो, संगीत हो या मैदान के चारों ओर होने वाली कोई भी हलचल, लेकिन वह हमेशा मुझे अपने खेल पर ध्यान केंद्रित रखने और अपने कौशल पर भरोसा रखने की याद दिलाती हैं।

पर्पल कैप जीतना और सोबो मुंबई फाल्कन्स को खिताब दिलाने में मदद करना मेरे लिए बहुत ही खास पल है। मुझ पर विश्वास करने के लिए फ्रेंचाइजी, निरंतर समर्थन और बलिदान के लिए अपने माता-पिता, हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन करने के लिए अपने कोच और साथियों को धन्यवाद देना चाहूंगी।"

टाइम्सनाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी की हुई लड़ाई का वीडियो

स्वरा ने कमाल की कंसिसटेंसी दिखाते हुए 4.49 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की और महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट चटकाए। उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत ठाणे स्काई राइजर्स के खिलाफ 1/19 के आंकड़े के साथ की, जिसके बाद उन्होंने आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के खिलाफ 3/19 की मैच-विनिंग गेंदबाजी की। इस युवा खिलाड़ी ने आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के खिलाफ 2/12 और ठाणे स्काई राइजर्स के खिलाफ 2/22 विकेट चटकाए। इसके बाद उन्होंने आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के खिलाफ फाइनल में 2/14 की एक और महत्वपूर्ण गेंदबाजी की, जिससे सोबो मुंबई फाल्कन्स को 25 रन से जीत हासिल करने और पहली बार टी20 मुंबई महिला लीग का खिताब जीतने में मदद मिली। आने वाले विमेंस प्रीमियर लीग में स्वरा पर सभी फ्रेंचाइजियों की नजर रहेगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article