क्रिकेट

IND vs WI: युजवेंद्र चहल के साथ प्रतिस्पर्धा पर कुलदीप यादव ने कही दिल जीत लेने वाली बात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 28, 2023, 08:00 AM IST

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में अपनी फिरकी से कहर बरपाने के बाद कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके बाद उन्होंने युजवेंद्र चहल के साथ प्रतिस्पर्धा के सवाल पर बड़ी बात कही है।

Image

कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल

बारबाडोस: वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम करने के बाद टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की है। बारबाडोस में खेले गए सीरीज के पहले वनडे में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कप्तान रोहित के इस फैसले को गेंदबाजों ने सही साबित किया और 23 ओवर में महज 114 रन पर मेजबान टीम को ढेर कर दिया। कुलदीप यादव भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 6 रन देकर 4 विकेट चटकाए। टीम इंडिया की पांच विकेट से जीत का सेहरा कुलदीप के सिर पर बंधा और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

गेंदबाजों ने किया परफेक्ट प्रदर्शन

कुलदीप यादव ने टीम इंडिया के गेंदबाजी प्रदर्शन को परफेक्ट बताते हुए कहा, तेज गेंदबाजों ने हमें शानदार शुरुआत दिलाई। डेब्यू कर रहे मुकेश के अलावा शार्दुल और हार्दिक ने अच्छी शुरुआत की। गेंदबाजी के लिहाज से यह टीम के लिए परफेक्ट दिन था। मैंने और जडेजा ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की।

विकेट लेने से ज्यादा लेंथ पर दे रहा हूं ध्यान

कुलदीप यादव का यह वनडे करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन था। उन्होंने 3 ओवर में 6 रन देकर 4 विकेट चटकाए। जिसमें कप्तान शाई होप का अहम विकेट भी शामिल था। इसके बारे में कुलदीप ने कहा, मैंने कुछ अलग नहीं किया, मैं केवल अपना रूटीन फॉलो कर रहा हूं और लय पर फोकस कर रहा हूं। पिछले एक डेढ़ साल शानदार रहे हैं। मेरे लिए विकेट झटकने से ज्यादा गेंद को सही लेंथ पर डालना ज्यादा अहम है।

स्पिन के लिए मददगार पिच देखकर हुआ आश्चर्य

क्या पिच और स्पिनर्स के लिए मददगार परिस्थितियों ने आपको आश्चर्य हुआ? इसके जवाब में कुलदीप ने कहा, बिलकुल, बारबाडोस को तेज गेंदबाजों का स्वर्ग कहा जाता है। हमें खुशी है कि हमने स्पिन गेंदबाजी से यहां सात विकेट हासिल किए। 3-4 विकेट वेस्टइंडीज के स्पिनर्स ने भी चटकाए। पिच में गेंद थोड़ी टर्न हो रही थी। इसके साथ ही उछाल भी मिल रहा था। ऐसी स्थिति में मुझे गेंदबाजी करने में बहुत आनंद आया।

मेरे और युजवेंद्र के बीच नहीं है प्रतिस्पर्धा

टीम के अंदर लेग स्पिनर्स के बीच प्रतिस्पर्धा के बारे में कुलदीप ने कहा, टीम में निश्चित तौर पर प्रतिस्पर्धा है लेकिन मैं और चहल खासकर वनडे में इसके बारे में नहीं सोचते हैं। हम एक साथ मिलकर काम करते हैं जो कि बड़े फॉर्मेट में अहम है। निश्चित तौर पर जब टीम में चहल जैसे सीनियर खिलाड़ी हों तो ये आपके लिए मददगार होता है। उनकी मौजूदगी से आपको आत्मविश्वास भी मिलता है। उनसे आपको बहुत सारी सलाह भी मिलती हैं। हम एक साथ पांच-छह साल से खेल रहे हैं। हमने एक साथ काफी अच्छा प्रदर्शन किया है हमारे बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। हम एक दूसरे का साथ पसंद करते हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article