क्रिकेट

T20 World Cup: सेमीफाइनल में हार के बाद रमीज राजा ने उड़ाई टीम इंडिया की खिल्ली

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 11, 2022, 03:39 PM IST

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुखिया रमीज राजा ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ करारी हार के साथ टी20 विश्व कप से टीम इंडिया के बाहर होने के बाद उसकी खिल्ली उड़ाई है। जानिए राजा ने क्या कहा?

Image

रमीज राजा( साभार PCB)

मेलबर्न: भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 10 विकेट के अंतर से करारी हार के बाद टी20 विश्व कप 2022 से बाहर हो गई। टीम इंडिया ने जीत के लिए इंग्लैंड के सामने 169 रन का लक्ष्य रखा था। जिसे इंग्लैंड की जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की सलामी जोड़ी ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए बगैर कोई विकेट खोए महज 16 ओवर में हासिल कर लिया।

इस करारी हार के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम की जमकर आलोचना हो रही और खिल्ली भी उड़ रही है। ऐसे में फाइनल में पहुंच चुकी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और मौजूदा पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा ने टीम इंडिया की खिल्ली उड़ाई है।

बिलियन डॉलर की इंडस्ट्री वाली टीमें हुई बाहर

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम में पहुंचकर रमीज राजा ने टीम की हौसला अफजाई करते हुए कहा, 'बिलियन डॉलर की इंडस्ट्री वाली टीमें पीछे रह गईं और हम आगे निकल गए हैं। हम कुछ अच्छा कर रहे हैं इसी वजह से ऐसा हुआ है।' राजा ने सीधे तौर पर आईपीएल के अरबों की कमाई करने वाली भारतीय टीम का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा बीसीसीआई और टीम इंडिया की तरफ ही था।

पाकिस्तान ने की है जबरदस्त वापसीराजा ने पाकिस्तानी टीम के टी20 विश्व कप में प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, यह जबरदस्त और शानदार वापसी है। हमें इस प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए। यह सब एकता की वजह से हुआ है। जब टीम में यूनिटी होती है वो प्रदर्शन में दिखती है। इसी तरह आगे चलकर कुछ भी होगा वो सौ प्रतिशत अपना होगा।

मैदान पर जाकर उठाएं माहौल का लुत्फ

राजा ने साल 1992 में इमरान खान की कप्तानी में मिली विश्व कप जीत की यादों को ताजा करते हुए कहा कि ऐसा आपके करियर में बार-बार या दोबारा नहीं होगा। मैदान में जाकर उस मौके का लुत्फ उठाइए और कुछ करने की जरूरत नहीं है। ये नहीं कहना है कि मैं इस मौके के लिए तैयार हूं। बस जाके उस माहौल का लुत्फ उठाना है। मैदान पर जाकर बेहद शांत मिजाज, आत्मविश्वास और अच्छी बॉडीलैंग्वेज के साथ पूरी कोशिश करना है। आपको मेरी ओर से शुभकामनाएं।

लगातार चार जीत के साथ फाइनल में पहुंचा है पाकिस्तान

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2022 में लगातार दो हार के साथ टूर्नामेंट में शुरुआत की थी। पाकिस्तानी टीम को पहले मैच में मेलबर्न में भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद जिंबाब्वे के खिलाफ भी उसे हार मिली थी। ऐसे में उसे टूर्नामेंट से बाहर मान लिया गया था। लेकिन दक्षिण अफ्रीका की नीदरलैंड के खिलाफ हार ने पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे खोल दिए और पाकिस्तान ने उस मौके का फायदा उठाते हुए तीसरी बार फाइनल में एंट्री कर ली। पाकिस्तान की टीम ने लगातार चार मैच जीते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में जीत दर्ज करके उसकी नजर 13 साल बाद दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने पर है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article