क्रिकेट

India vs Pakistan: एशियन गेम्स में भी हारा पाकिस्तान, फाइनल में भारत ने चटाई धूल; जीता गोल्ड मेडल

भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक एशियन गेम्स के फाइनल मुकाबले मात देकर गोल्ड मेडल जीता। हांग्झू एशियन गेम्स 2022 गोल्ड मेडलिस्ट भारत ने अपना खिताब डिफेंड करते हुए पाकिस्तान को 19 रन से मात दी।

Image

भारत-पाकिस्तान एशियन गेम्स गोल्ड मेडल मैच रिपोर्ट।

Photo : AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। India vs Pakistan Match Highlights: भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक एशियन गेम्स के फाइनल मुकाबले मात देकर गोल्ड मेडल जीता। हांग्झू गोल्ड मेडलिस्ट भारत ने अपना खिताब डिफेंड करते हुए पाकिस्तान को 19 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 192 रन ही बना सकी। भारत से आईसीसी और एसीसी इवेंट में हारने वाली पाकिस्तान की टीम एशियन गेम्स में भी मात खा गई। भारत ने गोल्ड, पाकिस्तान ने सिल्वर और श्रीलंका ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

भारत ने टॉस जीतकर तेज शुरुआत की। वैभव सूर्यवंशी ने दो छक्के की मदद से 9 गेंद पर 15 रन बनाए। हालांकि, वह इस पारी को ज्यादा लंबी नहीं कर सके और 15 के ही स्कोर पर आउट हो गए। सूर्यवंशी ऑफ स्पिनर अयूब की गेंद पर रिवर्स हिट करने की कोशिश में आउट हो गए। अयूब ने 15 साल के इस खिलाड़ी को 'रॉकिंग द बेबी' सेलिब्रेशन के साथ विदाई दी। संजू सैमसन अनलकी रहे और मात्र दो रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि, अभिषेक शर्मा ने दूसरे छोर से आसान धीमी गेंदबाजी का पूरा फायदा उठाया और विकेट के दोनों तरफ बेखौफ होकर छक्के लगाए। भारत ने पावरप्ले (6 ओवर) में 2 विकेट पर 81 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 20 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, वह तेज रन बनाने के चक्कर में आउट हो गए। उन्होंने 28 गेंद पर 7 चौके और तीन चौके की मदद से 61 रन बनाए।

तिलक की तूफानी पारी

ईशान किशन (18 गेंद में 20 रन) ने कप्तान श्रेयस अय्यर (24 गेंद में 21 रन) के साथ मिलकर टीम की स्थिति को कुछ देर संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। अय्यर और ईशान के आउट होने के बाद पारी का शानदार अंत तिलक वर्मा (22 गेंद में नाबाद 51 रन) और शिवम दुबे (15 गेंद में 27 रन) ने किया। दोनों ने स्पिनरों पर जमकर प्रहार किया। इस जोड़ी ने छठे विकेट के लिए सिर्फ पांच ओवर में 62 रन जोड़े।

चाइनामैन गेंदबाज सुफयान मोकीम के 18वें ओवर में 18 रन बने और फिर ऑफ स्पिनर सैम अयूब ने 19वें ओवर में 23 रन दिए। तेज गेंदबाज अहमद दानियाल के आखिरी ओवर में 16 और रन बने। स्पिनरों की मदद करने वाली पिच पर भारत ने कुल 15 छक्के लगाए। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना सबसे बड़ा टी20 स्कोर बोर्ड पर लगाया। इससे पहले साल 2012 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में 192 रन बनाए थे।

वॉशिंगटन सुंदर ने दिया शुरुआती झटका

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन जल्दी भारतीय स्पिनर्स ने अपना शिकंजा कस लिया। वॉशिंगटन सुंदर पाकिस्तानी कप्तान साहिबजादा फरहान को 10 के स्कोर पर अक्षर के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद अक्षर पटेल ने अगले ही ओवर में उस्मान खान को शिवम दुबे के हाथों कैच आउट करवाया। 36 के स्कोर पर पाकिस्तान ने दो विकेट गंवा दिए थे।

अभी तीन रन और जुड़े ही थे कि अक्षर ने माज सदाकत को वॉशिंगटन सुंदर के हाथों कैच आउट करा करके भारत को तीसरी सफलता दिलाई। इसके बाद सैम अयूब और हसन नवाज ने चौथे विकेट के लिए 48 गेंद पर 87 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान को मैच में वापसी कराने की पूरी कोशिश की।

नवाज की उम्दा पारी

हसन नवाज ने मैच में मिले दो जीवनदान का भरपूर लाभ उठाते हुए, 28 गेंद पर 5 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। एक समय पाकिस्तान को 36 गेंद पर 86 रन की जरूरत थी। तभी शिवम दुबे ने सैम अयूब और नवाज की साझेदारी को तोड़ा। दुबे ने अपने स्पेल के पहले ओवर की पहली गेंद पर सैम अयूब को 29 के स्कोर पर पवेलियन भेजा। पाकिस्तान को आखिरी के 4 ओवर में जीत के लिए 68 रन चाहिए थे।

17वें ओवर में शिवम दुबे ने 16 रन खर्च कर दिए। हसन नवाज ने एक छोर संभालते हुए पाकिस्तान को जीत की उम्मीद दे दी। हालांकि, 18वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने अब्दुल समद को आउट कर पाकिस्तान पर फिर से प्रेशर डाल दिया। पांचवें विकेट के लिए 17 गेंद पर 34 रन की तेज साझेदारी हुई। 12 गेंद पर पाकिस्तान को 44 रन की जरूरत थी।

आखिरी गेंद पर आउट हुए नवाज

हसन नवाज ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 33 रन चाहिए थे। शिवम दुबे ने लास्ट ओवर किया। हसन नवाज आखिरी गेंद पर 96 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से मात दी। भारत की तरफ से अक्षर, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट चटकाए।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article