क्रिकेट

भारतीय अंडर-19 टीम के प्लेयर्स को सूर्यकुमार यादव ने साझा किया सफलता का मंत्र

बुची बाबू टूर्नामेंट के मैच के दौरान चोटिल होने के बाद एनसीए में रिहैब से गुजर रहे टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भारत की अंडर-19 टीम के प्लेयर्स को सफलता का मंत्र दिया और अपने अनुभव साझा किए।

Image

भारत के अंडर-19 टीम खिलाड़ियों से चर्चा करते सूर्यकुमार यादव (साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • सूर्यकुमार यादव ने की भारत की अंडर-19 टीम से मुलाकात
  • भारत के युवा खिलाड़ियों के साथ साझा किया सफलता का मंत्र
  • एनसीए में चोट से उबर रहे हैं भारत के टी20 टीम के कप्तान

बेंगलुरु: भारत के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को यहां भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल खिलाड़ियों को अपने अद्वितीय कौशल का अच्छी तरह से इस्तेमाल करने, टीम के रूप में एकजुट होने और प्रक्रिया पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया। खेल के सबसे छोटे प्रारूप से रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद भारत के टी20 कप्तान नियुक्त किए गए 33 वर्षीय सूर्यकुमार ने भारत की जूनियर टीम की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 सितंबर से शुरू होने वाली श्रृंखला से पहले यहां राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अंडर-19 क्रिकेटरों के साथ बातचीत की।

सूर्या ने की अंडर-19 टीम के प्लेयर्स से मुलाकाता

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक्स पर पोस्ट किया,'भारत की लड़कों की अंडर-19 टीम में शामिल खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ श्रृंखला की तैयारियों के तहत राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपने शिविर के इतर भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ बातचीत करने का सुनहरा अवसर मिला।'

अपनी प्रतिभा और कौशल के साथ करें न्याय

एनसीए के एक सूत्र ने कहा कि सूर्यकुमार ने लड़कों से कहा कि वे अपने अद्वितीय कौशल के साथ पूरा न्याय करें और प्रक्रिया पर भरोसा रखें।

सूर्यकुमार ने कहा,'आप जैसे हो हमेशा वैसे ही बने रहना। आप में से प्रत्येक के पास एक विशिष्ट कौशल है और उसके साथ पूरा न्याय करें। प्रक्रिया और दिनचर्या पर अधिक ध्यान केंद्रित करें। परिणाम स्वयं ही आपके अनुकूल होगा।'

राहुल द्रविड़ के बेटे भी हैं टीम में शामिल

टीम में भारत के पूर्व कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ भी हैं। उत्तर प्रदेश के मोहम्मद अमान एकदिवसीय टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि सोहम पटवर्धन चार दिवसीय मैचों में टीम का नेतृत्व करेंगे। भारत अंडर-19 टीम पुडुचेरी में 21, 23 और 26 सितंबर को 50 ओवर के तीन मैचों में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 से भिड़ेगी। इसके बाद 30 सितंबर से चेन्नई में दो चार दिवसीय मैच होंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article