क्रिकेट

IND vs NZ 2nd ODI: घर पर पहली वनडे सीरीज जीत की फिराक में शुभमन गिल, मैच से पहले जानें राजकोट में भारत का रिकॉर्ड

IND vs NZ 2nd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे राजकोट के निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहला मुकाबला जीतने वाली टीम इंडिया के पास सीरीज में अजेय बढ़त लेने का मौका है, लेकिन इससे पहले टीम इंडिया की इस मैदार पर रिकॉर्ड डरा रही है।

Image

शुभमन दिल (साभार-BCCI)

IND vs NZ 2nd ODI: न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर टीम इंडिया 3 मैच की वनडे सीरीज में 1-0 से आगे है। दूसरा मुकाबला राजकोट क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को खेला जाएगा। बतौर कप्तान शुभमन गिल के लिए घर पर यह पहला वनडे सीरीज है। ऐसे में गिल के पास कप्तान के तौर पर पहली वनडे सीरीज अपने नाम करने का मौका है। गिल ने बल्ले से पहले मैच में अच्छा काम किया था। लंबे वक्त बाद उन्होंने अर्धशतक जड़ा था और 71 गेंद में 56 रन की पारी खेली थी। दूसरे मुकाबले में उनसे उसी तरह की बल्लेबाजी की उम्मीद होगी, लेकिन उससे पहले चलिए जानते हैं कि राजकोट में अब तक टीम इंडिया का प्रदर्शन कैसा रहा है?

राजकोट में भारत के पास सीरीज में अजेय बढ़त लेने का मौका तो है, लेकिन यहां टीम इंडिया का पुराना वनडे रिकॉर्ड चिंता बढ़ा रहा है। भारतीय टीम ने निरंजन शाह स्टेडियम, राजकोट में 4 वनडे मैच खेले हैं। इसमें तीन में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है। इस स्टेडियम में पहला वनडे 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। इंग्लैंड 9 रन से विजयी रही थी। 2015 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना दूसरा वनडे खेला था। दक्षिण अफ्रीका 18 रन से जीती थी। 2020 में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के साथ हुआ था। भारतीय टीम इस मैच में 36 रन से विजयी रही थी।

आखिरी मुकाबले में मिली है हार

टीम इंडिया ने इस स्टेडियम में अपना आखिरी मुकाबला 27 सितंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इस मुकाबले में उसे 66 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। 4 मैचों में 3 हार टीम इंडिया की परेशानी बढ़ाने वाली बात है। तीनों बार भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही, जबकि एकमात्र मैच पहले बल्लेबाजी करते हुए मिली थी। लेकिन फिलहाल विराट कोहली की फॉर्म टीम इंड़िया को एक नई उम्मीद दे रही है। विराट पहले मुकाबले में भले एक और शतक से चूक गए हो लेकिन उन पर सबकी नजर रहेगी।

केन विलियमसन, मैट हेनरी और मिशेल सेंटनर जैसे बड़े खिलाड़ियों के बिना खेल रही न्यूजीलैंड ने पहले वनडे में भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी थी। विराट कोहली की बल्लेबाजी और कीवी टीम के खराब क्षेत्ररक्षण ने मैच का परिणाम भारतीय टीम के पक्ष में मोड़ा था। इसलिए राजकोट में टीम इंडिया को सावधान रहना होगा। बड़े खिलाड़ियों के नहीं होने के बावजूद न्यूजीलैंड पलटवार करने का पूरा दमखम रखती है। राजकोट वनडे दोपहर 1:30 से खेला जाएगा। टॉस 1 बजे होगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article