क्रिकेट

IND vs SA T20 World Cup Final: इंग्लैंड को हराकर तीसरी बार फाइनल में पहुंचा भारत, 29 जून को साउथ अफ्रीका से मुकाबला

IND vs SA T20 World Cup Final: भारत ने 10 साल के लंबे अंतराल के बाद टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में उसने इंग्लैंड की टीम को हराकर साल 2022 में अपनी हार का बदला ले लिया।

Image

भारत बनाम साउथ अफ्रीका, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल (साभार-X)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में बनाई जगह
  • साउथ अफ्रीका के साथ 29 जून को होगा फाइनल
  • अक्षर और कुलदीप के सामने धाराशायी हुई इंग्लैंड

IND vs SA T20 World Cup Final: टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में जगह बना ली। यह तीसरा मौका है जब टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले साल 2007 और फिर 2014 में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी। गयाना में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में उसने इंग्लैंड को 68 रन से पटखनी देकर अपने जीत के अभियान को जारी रखा। इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 172 रन का लक्ष्य था। लेकिन भारतीय स्पिन गेंदबाजी के सामने पूरी इंग्लैंड टीम 16.4 ओवर में केवल 103 रन बनाकर ढेर हो गई। इंग्लैंड की बेबस बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी ओर से सर्वाधिक 25 रन की पारी हैरी ब्रूक ने खेली। ब्रूक के अलावा जोस बटलर ने 23 रन बनाए। इंग्लैंड के 7 बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाए।

भारत की ओर से कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने 3-3 विकेट चटकाए। इन दोनों के अलावा जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने साल 2022 में इंग्लैंड से मिली 10 विकेट की करारी हार का बदला भी ले लिया।

साउथ अफ्रीका बनाम भारत का फाइनल

अब टीम इंडिया 29 जून को फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। यह मुकाबला केसिंग्टन ओवल बारबडोस में खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका ने पहले सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराकर पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी। टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारतीय समयनुसार रात 8 बजे शुरू होगा जबकि इसका टॉस आधा घंटा पहले यानी 7.30 बजे होगा।

फाइनल मुकाबले के लिए है रिजर्व डे

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप के इस फाइनल मुकाबले के लिए आईसीसी ने रिजर्व डे रखा है। यानी अगर बारिश के कारण 29 जून को यह मुकाबला नहीं हो पाता है तो इसे अगले दिन यानी 30 जून को पूरा किया जाएगा। टीम इंडिया के पास दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का मौका है जबकि साउथ अफ्रीका की टीम पहली बार चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article