क्रिकेट

ICC Ranking: टी20 में सूर्या एंड कंपनी की नंबर वन की कुर्सी बरकरार, ट्रॉफी डिफेंड करने वाली पहली टीम बनी थी टीम इंडिया

ICC Ranking: टीम इंडिया ने हाल ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट वर्ल्ड कप की ट्रॉफी डिफेंड की थी। इससे पहले कोई भी टीम यह कारनामा नहीं कर पाई थी अब आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को इसका फायदा मिला है।

Image

आईसीसी रैंकिंग (साभार-X)

ICC Ranking: तीन बार के विश्व कप विजेता भारत ने मंगलवार को आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपना टॉप पोजीशन बरकरार रखा है, जबकि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। मार्च में भारत ने इतिहास रचते हुए टी20 विश्व कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाव किया था और ऐसा करने वाली पहली टीम बनी थी। साथ ही टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार यह खिताब जीता था। भारत ने श्रीलंका के साथ मिलकर इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ’’ताजा रैंकिंग में मई 2025 के बाद खेले गए सभी मुकाबलों को शत प्रतिशत और उससे पिछले दो वर्षों के मुकाबलों को 50 प्रतिशत को कंसीडर किया गया है।’’

आईसीसी ने कहा, ’’275 अंक के साथ शीर्ष पर काबिज भारत की इंग्लैंड (262 अंक) पर बढ़त एक अंक कम हुई है जबकि ऑस्ट्रेलिया 258 अंक के साथ तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के और करीब आ गया है।’’ दो बार के विजेता इंग्लैंड के 262 जबकि एक बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के 258 अंक हैं। आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष सात टीम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। न्यूजीलैंड (247), दक्षिण अफ्रीका (244), पाकिस्तान (240) और वेस्टइंडीज (233) अपने-अपने स्थानों पर बरकरार हैं।

हालांकि श्रीलंका (221) को छह रेटिंग अंक का नुकसान हुआ है जिससे वह नौवें स्थान पर खिसक गया है। वहीं बांग्लादेश (225) एक स्थान ऊपर आठवें स्थान पर पहुंच गया है। अफगानिस्तान (220) 10वें स्थान पर है और श्रीलंका तथा उसके बीच का अंतर बहुत कम है। जिम्बाब्वे और आयरलैंड क्रमशः 11वें और 12वें स्थान पर हैं।

आईसीसी ने कहा, ’’उत्तरी अमेरिका में क्रिकेट की उभरती हुई शक्ति अमेरिका ने छह अंक हासिल करते हुए दो स्थान की छलांग लगाई है। वह 13वें स्थान पर पहुंच गया है और उसने नीदरलैंड (14वें) तथा स्कॉटलैंड (15वें) को पीछे छोड़ दिया है।’’ आईसीसी ने कहा, ’’नामीबिया 16वें स्थान पर बरकरार है जबकि नेपाल (17वें) और ओमान (19वें) को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। उन्होंने क्रमशः यूएई(18वें) और कनाडा (20वें) को पीछे छोड़ा।’’

आईसीसी ने साथ ही बताया कि रैंकिंग में शामिल टीम की संख्या 102 से घटकर 98 हो गई है क्योंकि पिछले तीन साल में जरूरी आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने में नाकाम रहने के कारण फिजी, गाम्बिया, यूनान और इजराइल इस सूची में जगह नहीं बना पाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article