क्रिकेट

IND vs SA 1st Test Day 2: टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच ने दी कोलकाता की पिच के जल्दी टूटने पर प्रतिक्रिया

कोलकाता के इडेन गार्डन्स में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे ही दिन पिच के बिखरने पर टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहला टेस्ट, कोलकाता की पिच

Photo : AP

कोलकाता: भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने स्वीकार किया कि उनकी टीम इस बात से ‘हैरान’ थी कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन पिच जरूरत से ज्यादा ‘खुरदरी’ हो गयी। मैच के दूसरे दिन 15 विकेट गिरे जिसके बाद भारत का पलड़ा मजबूत दिख रहा है। भारत ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर 37 रन से करने के बाद 189 रन तक सभी विकेट गंवा दिये। इसके बाद रविंद्र जडेजा (29 रन पर चार विकेट और कुलदीप यादव (12 रन पर दो विकेट) की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने 93 रन तक दक्षिण अफ्रीका का सात विकेट झटक लिये। दक्षिण अफ्रीका 63 रन से आगे हैं और भारतीय गेंदबाजों के सामने दूसरे पारी में सिर्फ कप्तान तेम्बा बावुमा (78 गेंदों पर नाबाद 29 रन) ही टिक पाए है।

नहीं थी पिच के इतनी जल्दी बिखरने की उम्मीद

मोर्कल ने कहा कि भारतीय टीम को भी पिच के इतनी जल्दी इस तरह से खुरदरा होने की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा,'देखिए, ईमानदारी से कहूं तो हमने भी यह उम्मीद नहीं की थी कि विकेट इतनी जल्दी खराब हो जाएगी। जब हमने पहले कुछ घंटे देखे तो हम सभी ने सोचा कि यह एक अच्छा विकेट है लेकिन इतनी जल्दी इसका खुरदरा होना अप्रत्याशित था।'उन्होंने कहा कि पिच को लेकर यह अनिश्चितता भारत में खेलने को चुनौतीपूर्ण बनाती है।

परिस्थितियों को अनुरूप लाना पड़ता है बल्लेबाजी में बदलाव

दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा,'कभी-कभी उपमहाद्वीप में खेलने की यही खूबसूरती होती है। आपको परिस्थितियों के अनुसार जल्दी से ढलने और उसके मुताबिक प्रतिक्रिया देने में सक्षम होना पड़ता है। इस समय हम इसी तरह की चुनौती का सामना कर रहे हैं।' पिच के इस तरह के व्यवहार के बावजूद मोर्केल ने जोर देकर कहा कि भारत ने अपने मजबूत पक्ष का पूरा इस्तेमाल करने की तैयारी की है। उन्होंने कहा,'हमारे पास तेज और स्पिन दोनों में ही बेहतरीन गेंदबाजी है। हम दोनों ही परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हमारे लिए बस यही मायने रखता है कि चुनौती का सर्वश्रेष्ठ तरीके से सामना करें।'

जज्बा दिखाकर बनाए जा सकते हैं इस पिच पर रन

इस पिच से बल्लेबाजों के लिए तालमेल बिठाना मुश्किल हो रहा है लेकिन मोर्कल ने दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा की बल्लेबाजी का उदाहरण देते हुए कहा कि बल्लेबाज जज्बा दिखा कर यहां रन बना सकते हैं। उन्होंने कहा,'तेम्बा ने आज यह दिखाया कि अगर आप स्ट्राइक रोटेट करेंगे और बेहतर योजना के साथ खेले तो इस पिच पर बल्लेबाजी की जा सकती है। भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के पहली पारी के 39 रन अब तक मैच का सर्वोच्च स्कोर हैं और मोर्कल ने कहा कि इस पिच पर बल्लेबाजी के लिए कोई निश्चित तरीका नहीं है। उन्होंने कहा,'मुझे नहीं लगता कि कोई ऐसा तय प्रारूप है जहां आप बस टिके रह सकें। आपको गेंदबाज पर थोड़ा दबाव डालना होगा, स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान देना होगा और क्रीज पर व्यस्त रहना होगा। हर किसी का तरीका और मजबूत पक्ष अलग-अलग होता है। यह बल्लेबाज पर निर्भर करता है कि वह रन बनाने का अपना सर्वश्रेष्ठ तरीका निकाले, चाहे वह आक्रामक हो, स्वीप करे या सिर्फ स्ट्राइक रोटेट करे।'

पहली पारी में टीम इंडिया ने बनाए इतने रन कम

भारत के पहली पारी के 189 रनों के स्कोर को ‘50-60 रन कम’ बताते हुए, उन्होंने कहा कि इस पिच पर बल्लेबाजों के लिए चुनौती नए सिरे से शुरुआत करने की थी। उन्होंने कहा,'हम सभी सहमत हैं कि हम 50-60 रन और बना सकते थे। दुर्भाग्य से, शुभमन के जल्दी आउट होना (रिटायर हर्ट होना) का मतलब था कि क्रीज पर एक और नया बल्लेबाज आ गया।' गिल की गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में टीम की अगुवाई की। मोर्कल ने कहा कि दोनों ने टीम की योजना के मुताबिक कप्तानी की। उन्होंने कहा,'हर किसी का अपना तरीका होता है। इसमें कोई गलत या सही नहीं होता। आप मैच के बाद सोचते हैं कि बेहतर होने के लिए और क्या किया जा सकता था।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article