क्रिकेट

T20I Tri-Series 2025 PAK vs UAE Match Highlights: पाकिस्तान ने यूएई को पटखनी देकर फाइनल में की एंट्री, अबरार अहमद की फरकी में फंसा यूएई

पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात को टी20 त्रिकोणीय सीरीज के पांचवें मुकाबले में 31 रनों से पटखनी देकर टूर्नामेंट के फाइनल में एंट्री कर ली है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

पाकिस्तान बना यूएई (फोटो क्रेडिट @EmiratesCricket X)

शारजाह: पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात को टी20 त्रिकोणीय सीरीज के पांचवें मुकाबले में 31 रनों से जीत दर्ज की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने अनुभवी फखर जमां की नाबाद 77 रनों की पारी के दम पर कुल 171 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मोहम्मद नवाज ने भी अहम योगदान दिया। इस स्कोर का बचाव करने में पाकिस्तान के लिए सबसे अहम भूमिका लेग स्पिनर अबरार अहमद ने अदा की। उन्होंने 9 रन तक 4 विकेट लेकर यूएई की टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। इस शानदार मैच जिताऊ गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

फखर जमां ने खेली 77 रन की आतिशी पारी

यूएई ने मैच के शुरुआत में पाकिस्तान को अच्छी टक्कर दी लेकिन फील्डिंग में हुई कई गलतियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। खासकर हैदर अली के ओवर में यूएई के फील्डर्स ने दो कैच गिराए। इन दो कैच में से एक फखर जमां और दूसरा मोहम्मद नवाज का था। पाकिस्तान ने अपनी पारी के 12वें ओवर में 80 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे लेकिन बाद में फखर जमान और मोहम्मद नवाज ने छठे विकेट के लिए मजबूत और नाबाद साझेदारी कर टीम को 171 रन तक पहुंचा दिया। पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने आखिरी चार ओवर में बगैर किसी नुकसान के 69 रन जोड़े। फखर जमां 77(44) और नवाज 37(27) रन बनाकर नाबाद रहे। फखर ने अपनी पारी में 10 चौके और दो छक्के जड़े। वहीं मोहम्मद नवाज ने 3 चौके और 2 छक्के जड़े। यूएई के लिए सर्वाधिक 2 विकेट हैदर अली ने लिए।

140 रन पर ढही यूएई की टीम

जीत के लिए 172 रन के लक्ष्य का पीछ करने उतरी यूएई की टीम की बल्लेबाजी धीमी और असंगठित रही। यूएई ने पॉवरप्ले में बगैर किसी नुकसान के 41 रन बना लिए थे। लेकिन पॉवरप्ले के समाप्त होते ही गेंदबाजी करने आए अबरार अहमद ने कप्तान मोहम्मद वसीम को फहीम अशरफ के हाथों कैच करा दिया। मोहम्मद वसीम 19 रन बना सके। इसके बाद जल्दी ही इतहान डिसूजा(9) को मोहम्मद नवाज ने कैच कराकर पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया। अबरार ने इसके बाद आसिफ खान(7) और राहुल चोपड़ा(0) को आउट कर दिया। 12.4 ओवर में यूएई ने 7 विकेट पर 84 रन पर गंवा दिए थे। एक छोर थामकर अलीशान शराफू खड़ हुए थे। शराफू एक छोर पर चौके छक्के जड़ते रहे और अपना अर्धशतक 38 गेंद पर 3 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। शराफू ने अंत में कुछ जोरदार छक्के लगाकर टीम को हिम्मत दी, लेकिन टीम मैच में वापसी नहीं कर पाई। पूरी टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 140 रन बना सकी।

शराफू ने बनाए शानदार 69 रन

शराफू ने यूएई के लिए सूबसे ज्यादा 69(51) रन की पारी खेली।वहीं कप्तानी मोहम्मद वसीम ने 19(19) रन बनाए। इस मैच में जीत के साथ ही पाकिस्तान ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं यूएई फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया। फाइनल में खिताब के लिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भिड़ंत होगी। फाइनल से पहले एक मैच यूएई और अफगानिस्तान के बीच बचा है। ये मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा। इस मुकाबले में दोनो टीमें फाइनल से पहले अपनी तैयारियों को और पुख्ता करने उतरेंगी। त्रिकोणीय सीरीज का फाइनल मुकाबला 7 सितंबर को शारजाह में खेला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article