दुबई: भारत और श्रीलंका की साझा मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के कार्यक्रम का ऐलान पहले ही हो चुका है। ऐसे में आईसीसी ने गुरुवार 11 दिसंबर, 2025 को टिकटों की बिक्री भी शुरू कर दी है। गुरुवार को भारतीय समयानुसार 6:45 PM से प्रशंसक टिकट खरीद सकते हैं। विश्व कप का पहला मैच 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च, 2026 को अहमदाबाद या कोलंबो में खेला जाएगा। आईसीसी के मुताबिक भारत में टी20 विश्व कप 2026 के टिकटों की शुरुआती कीमत 100 रुपये(1.11 USD) होगी। वहीं श्रीलंका में शुरुआती कीमत श्रीलंकाई रुपये में 1000 (3.26 USD) रखी गई है। विश्व कप में कुल 55 मैच खेले जाएंगे।
भारतीय टीम कब और कहां खेलेगी मैच
भारतीय टीम को यूएसए, नामीबिया और पाकिस्तान के साथ ग्रुप में जगह मिली है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में करेगी। इसके बाद दूसरा मैच 12 फरवरी, 2026 को नामीबिया के खिलाफ नई दिल्ली में खेलेगी। 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया अपना ग्रुप दौर का चौथा और आखिरी मैच 18 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेलेगी। विश्व कप के मैच श्रीलंका में कोलंबो और कैंडी में खेले जाएंगे। वहीं भारत में कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, अहमदबाद और नई दिल्ली में मैच आयोजित होंगे।
टीम इंडिया के मैचों की टिकट की कीमत
विश्व कप के लिए टिकट भारत में बुक माई शो वेबसाइस से खरीदे जा सकते हैं। टीम इंडिया के मैचों की टिकट की कीमत ज्यादा है। भारत और अमेरिका के बीच मुंबई में खेले जाने वाले मैच की न्यूनतम कीमत 750 रुपये रखी गई है। वहीं भारत और नामीबिया के बीच नई दिल्ली में खेले जाने वाले और भारत नीदरलैंड के बीच अहमदाबाद में खेले जाने वाले मैच की न्यूनतम टिकट 500 रुपये की है। भारत पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेले जाने वाले मैच की सबसे सस्ती टिकट श्रीलंकाई राशि में 2500 रुपये(8.15 USD) है।
