क्रिकेट

T20 World Cup 2024: अफगानिस्तान के खिलाफ सूर्या के बल्ले ने बिखेरी चमक, जड़ा आतिशी अर्धशतक

सूर्यकुमार यादव ने अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम को सुपर-8 राउंड के मुकाबले में मुश्किल से उबारते हुए आतिशी अर्धशतक जड़ा।

Image

सूर्यकुमार यादव(साभार BCCI)

बारबाडोस: भारत के स्टार और दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुश्किल स्थिति में आतिशी अर्धशतक जड़ा। सूर्या जब बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम इंडिया ने 7 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 54 रन बना लिए थे। रोहित और पंत पवेलियन लौट चुके थे और विराट कोहली भी थोड़ी देर बाद उनका साथ छोड़ गए। 8.3 ओवर में भारतीय टीम 62 रन पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में सूर्या ने शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या के साथ मोर्चा संभाला और 27 गेंद में आतिशी अर्धशतक जड़कर टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया। अर्धशतक जड़ने के बाद अगली ही गेंद पर सूर्या फजलहक फारूकी की गेंद पर कैच देकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 5 चौके और 3 छक्के जड़े।

सूर्या नहीं खेल पाए बड़ी पारी, जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक

सूर्यकुमार के बल्ले से टी20 विश्व कप में निकला यह लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले सूर्या ने यूएसए के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। भारत के लिए मौजूदा विश्व कप में दो अर्धशतक जड़ने वाले सूर्या पहले बल्लेबाज हैं। सूर्या के पास अपनी पारी को बड़ा करने का मौका था लेकिन वो ऐसा कर पाने में नाकाम रहे।

पूरे किए टी20आई में 200 चौके

सूर्यकुमार यादव ने इस पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी20 में 200 चौकों के आंकड़े को भी पार कर लिया। करियर के 64वें अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच की 61वीं पारी में सूर्या ने ये उपलब्धि हासिल की। वो टी20आई में 200 या उससे ज्यादा चौके जड़ने वाली तीसरे भारतीय हैं। रोहित शर्मा (365) और विराट कोहली (362) ही सूर्या से पहले इस मुकाम पर पहुंच सके हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article