क्रिकेट

टी20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद श्रीलंका क्रिकेट टीम के हेड कोच क्रिस सिल्वरवुड ने दिया इस्तीफा

श्रीलंका क्रिकेट टीम के हेड कोच क्रिस सिल्वरवुड ने टी20 विश्व कप 2024 में टीम के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

Image

क्रिस सिल्वरवुड( Sri Lanka Cricket)

KEY HIGHLIGHTS
  • क्रिस सिल्वरवुड ने दिया श्रीलंका के हेड कोच पर से इस्तीफा
  • साल 2022 में बने थे टीम के हेड कोच
  • 2022 में कोच बनते ही श्रीलंका ने जीता था एशिया कप

टी20 विश्व कप 2024 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद टीम के हेड कोच क्रिस सिल्वरवुड ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सिल्वरवुड की देखरेख में टीम टी20 विश्व कप के सुपर-8 राउंड के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। श्रीलंकाई टीम अपने ग्रुप दौर के चार में से केवल एक मैच में जीत दर्ज कर सकी। सिल्वरवुड दो साल तक श्रीलंका की टीम के साथ बतौर हेड कोच जुड़े रहे।

केवल एक मैच जीत सका श्रीलंका

वनिंदु हसरंगा की कप्तानी वाली श्रीलंकाई टीम टी20 विश्व कप 2024 के ग्रुप चरण में केवल नीदरलैंड को मात दे सकी। दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ उसे हार का मुंह देखना पड़ा। नेपाल के खिलाफ उनका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। ग्रुप डी अंक तालिका में श्रीलंका तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

साल 2022 में श्रीलंका के हेड कोच बने थे सिल्वरवुड

सिल्वरवुड को अप्रैल 2022 में श्रीलंका का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। नुयक्ति से तीन महीने पहले उन्हें इंग्लैंड के मुख्य कोच पद से एशेज 2021-22 में हार के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। उनके कार्यकाल में श्रीलंका एशिया कप 2022 में चैंपियन बनी और 2023 में उपविजेता रही। टी20 विश्व कप से पहले साल 2023 में भारत की मेजबानी में खेले गए वनडे क्रिकेट विश्व कप में श्रीलंका को 10 टीमों के में से नौवें पायदान पर रहना पड़ा था।

परिवारिक वजहों का हवाला देकर छोड़ा पद

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) द्वारा जारी एक बयान में सिल्वरवुड ने अपने इस्तीफे के पीछे की वजह का खुलासा करते हुए कहा,'अंतरराष्ट्रीय कोच होने का मतलब है लंबे समय तक प्रियजनों से दूर रहना। अपने परिवार के साथ लंबी बातचीत और भारी मन से मुझे कहना पड़ रहा है कि अब मेरे लिए घर लौटने और परिवार के साथ में कुछ अच्छा समय बिताने का वक्त आ गया है। श्रीलंका क्रिकेट का हिस्सा बनना मेरे लिए वास्तव में सम्मान की बात है और मैं कई अच्छी यादें अपने साथ लेकर जा रहा हूं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article