T20 World Cup Final, IND (India) vs SA (South Africa) Pitch Report And Barbados Weather Forecast: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल का आयोजन शनिवार (29 June 2024) को होगा। टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम पहली बार किसी विश्व कप फाइनल में आमने-सामने होंगी। भारत तीसरी बार टी20 विश्व कप फाइनल खेलने जा रही है, जबकि दक्षिण अफ्रीका का ये पहला वर्ल्ड कप फाइनल होगा। ये खिताबी मुकाबला वेस्टइंडीज के ब्रिजटाउन (बारबडोस) में स्थित केनसिंगटन ओवल ग्राउंड पर खेला जाएगा। टीम इंडिया की कमान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के हाथों में होगी, वहीं दक्षिण अफ्रीका के कप्तान हैं एडेन मार्करम (Aiden Markram)। दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अपराजित हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मुकाबले के लिए टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका तैयार हैं। इस खिताबी मैच तक पहुंचने के सफर में दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया है। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक 8 मैच खेले जिसमें उसने 7 मैचों में जीत दर्ज की जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट में अब तक 8 मैच खेले और इन सभी 8 मैचों को जीता है। टीम इंडिया ने आईसीसी टी20 विश्व कप के इतिहास का पहला खिताब 2007 में अपने नाम किया था। उस पहले विश्व कप संस्करण के फाइनल में धोनी की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया था। जबकि दूसरी बार भारतीय टीम 2014 में टी20 विश्व कप फाइनल में पहुंची थी लेकिन वहां श्रीलंकाई टीम ने उसे मात दे दी थी।
भारत और दक्षिण अफ्रीका फाइनल की पिच रिपोर्ट (IND vs SA T20 World Cup Final Pitch Report)
टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीकी टीम के बीच फाइनल मुकाबला शनिवार को भारतीय समय के मुताबिक रात 8 बजे से खेला जाएगा। इस मैच का आयोजन ब्रिजटाउन (बारबडोस) के केनसिंगटन ओवल मैदान पर होने वाला है, तो आइए इस ग्राउंड की पिच रिपोर्ट भी जान लेते हैं। केनसिंगटन ओवल मैदान की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद रही है। इस विश्व कप में अगर सबसे ज्यादा रन किसी मैदान पर बने हैं तो वो यही मैदान है। मौजूदा विश्व कप में इस पिच पर सर्वाधिक स्कोर ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड मैच में बना था जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 165 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने 36 रन से मैच जीत लिया था। गेंदबाजों की बात की जाए तो यहां जितनी मदद तेज गेंदबाजों को मिलेगी, उतना ही फायदा स्पिनर्स को भी मिलेगा।
कैसा है बारबडोस का मौसम? (Barbados Weather Forecast)
टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बारबडोस के ब्रिजटाउन में हो रहा है। ब्रिजटाउन के मौसम की बात करें तो फैंस और खिलाड़ियों के लिए यहां से भी चिंता वाली खबर आ रही है। शुक्रवार को ब्रिजटाउन में हल्की बारिश होती रही है और शनिवार को फाइनल के दिन भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक ब्रिजटाउन में फाइनल मैच के दिन 70 प्रतिशत बारिश का अनुमान है। वैसे फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व-डे रखा गया है। ब्रिजटाउन में शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेंटीग्रेड, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा। हवाएं भी तेज चलेंगी और उमस 80 प्रतिशत तक रहेगी।
भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें (India and South Africa Squads)
भारतीय टी20 टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल।
दक्षिण अफ्रीकी टी20 टीम: एडेन मार्कराम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसेन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, डेविड मिलर, एनरिक नोर्किया, कागिसो रबादा, रेयान रिकेल्टन, तबरेज शम्सी, ट्रिस्टन स्टब्स, गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डिकॉक और ब्योर्न फोर्टुइन।
