क्रिकेट

T20 World Cup: स्कॉटलैंड के खिलाफ पुरानी साख और जीत का फॉर्मूला ढूंढने उतरेगा वेस्टइंडीज

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 17, 2022, 02:58 AM IST

टी20 विश्व कप 2022 के दूसरे दिन क्वालीफाइंग राउंड में ग्रुप बी के मुकाबले खेले जाएंगे। दिन के पहले मुकाबले में दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज का सामना स्कॉटलैंड की टीम से होगा। वेस्टइंडीज की टीम स्कॉटलैंड के खिलाफ जीत के साथ विजयी आगाज करने और अपनी पुरानी प्रतिष्ठा हासिल करने के इरादे से उतरेगी।

Image

West-Indies-vs-Scotland-T20-World-Cup

होबार्ट: टी20 विश्व कप 2022 के पहले दौर में सोमवार को पहला मुकाबला वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच होबार्ट में खेला जाएगा। ये मैच टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे सफल और दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के लिए अपनी पुरानी साख को वापस करने की ओर पहला कदम है। पहली बार वेस्टइंडीज की टीम मुख्य दौर में पहुंचने में असफल रही है। उसके सामने क्वालीफायर्स दौर के चक्रव्यूह को पार करके सुपर 12 राउंड में पहुंचने और उसके बाद तीसरी बार खिताबी जीत हासिल करने की चुनौती है।

रोमांच से भरा कहा विश्व कप का पहला दिन

रविवार को टी20 विश्व कप का पहला दिन बेहद शानदार रहा। पहले मुकाबले में नामीबिया ने एशियाई चैंपियन श्रीलंका को 55 रन के अंतर से मात देकर बड़ा उलटेफर किया। इसके बाद नीदरलैंड की टीम लो स्कोरिंग मैच में बमुश्किल 3 विकेट के अंतर से यूएई को पटखनी देने में सफल हुई। ऐसे में सोमवार को दूसरे दिन ग्रुप बी के मुकाबलों में भी प्रशंसकों को पहले दिन जैसा रोमांच मिलने की आशा है।

जीत की राह पर लौटने की है विंडीज के सामने चुनौती

वेस्टइंडीज के लिए टी20 विश्व कप 2022 की राह आसान नहीं होने वाली है। वेस्टइंडीज की टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर काफी पहले आ गई थी। यहां उसे मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले से पहले वॉर्मअप मैच में वेस्टइंडीज ने यूएई को मात दी थी। निकोलस पूरन की कप्तानी वाली टीम के सामने एक साल पहले यूएई में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन से बेहतर इस बार करने की चुनौती है। दिग्गज खिलाड़ियों की विदाई के बाद वेस्टइंडीज टी20 के पॉवरहाउस के रूप में कमजोर हुआ है। उस बुलंदी को विंडीज क्रिकेट टीम फिर से पहुंचना चाहेगी।

निकोलस पूरन की टीम में नहीं है पुराना दमवेस्टइंडीज की मौजूदा टीम में डैरेन सैमी की कप्तानी वाली टीम की तरह गहराई नहीं है जिसने दो बार विश्व कप पर कब्जा किया था। इसके अलावा शिमरॉन हेटमायर की गैरमौजूदगी टीम के प्रदर्शन पर कितना असर डालेगी ये देखने वाली बात होगी। उनकी ऑस्ट्रेलिया जाने वाली टीम फ्लाइट छूट गई थी। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। टीम को हेटमायर की कमी निश्चित तौर पर खलेगी लेकिन इस टीम अभी भी इतनी काबिलियत है कि वो किसी भी टीम को मात दे सकती है।

स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाने वाला अभ्यास मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। निकोलस पूरन की टीम पर खिताबी जीत का दांव तो नहीं लग रहा है लेकिन उनसे सुपर-12 राउंड में पहुंचने की पूरी आशा है।

पिछली बार के प्रदर्शन से प्रेरणा लेगा स्कॉटलैंड

वहीं स्कॉटलैंड की बात करें तो वो नीदरलैंड को पटखनी देकर इस मुकाबले में पहुंची है। रिची बैरिंगटन की टीम का पिछले साल टी20 विश्व कप में प्रदर्शन शानदार रहा था। वेस्टइंडीज की टीम का प्रदर्शन हाल के दिनों में गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में उतार-चढ़ाव भरा रहा है। ऐसे में स्कॉटलैंड की टीम अपने पिछली बार के प्रदर्शन से प्रेरणा लेकर विंडीज का सामना करेगी। वेस्टइंडीज की टीम में अभी भी कई बड़े शॉट्स खेलने वाले खिलाड़ी हैं लेकिन उनके गैरअनुभवी और कमजोर गेंदबाजी आक्रमण को विश्व कप में अंत तक जाने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

स्कॉटलैंड ने एक साल में नहीं खेले हैं ज्यादा मैच

साल 2021 के विश्व कप के बाद स्कॉटलैंड की टीम ने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेली है। इसी वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका हाल बेहाल हो गया था। स्कॉटलैंड की टीम बैरिंग्टन, जोश डेवी और ब्रेड व्हील जैसे खिलाड़ियों पर निर्भर है। अगर स्कॉटलैंड की टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है तो गेंदबाजी उनके लिए चिंता का विषय होगी।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:

स्कॉटलैंड:

जॉर्ज मुन्से, मिचेल जोन्स, मैथ्यू क्रॉस(विकेटकीपर), रिची बैरिंग्टन(कप्तान), कैलम मैक्लेयॉड, मिचेल लीस्क, मार्क वॉट, क्रिस ग्रेव्स, क्रिस सोल, जोस डेवी, ब्रैड व्हील।

वेस्टइंडीज:

काइल मेयर्स, जॉनसन चार्लस, ब्रेंडन किंग, निकोलस पूरन(विकेटकीपर और कप्तान), रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर, ओडेन स्मिथ, अकील हुसैन, यानिक करियाह, ओबेद मैकॉय, शेल्डन कॉट्रेल।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article