क्रिकेट

T20 World Cup: आयरलैंड के खिलाफ जीत के साथ अपनी वापसी का ऐलान करने उतरेगा जिंबाब्वे

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 17, 2022, 04:03 AM IST

Zimbabwe vs Ireland, T20 World Cup 2022: छह साल लंबे अंतराल के बाद टी20 विश्व कप में शिरकत करने आई जिंबाब्वे की टीम आयरलैंड के खिलाफ जीत के साथ अपनी वापसी का ऐलान करने सोमवार को होबार्ट में उतरेगी।

Image

Zimbabwe-vs-Ireland-T20-World-Cup

होबार्ट: टी20 विश्व कप 2022 के दूसरे दिन के दूसरे मुकाबले में जिंबाब्वे की आयरलैंड की भिड़ंत होने जा रही है। जिंबाब्वे की टीम बड़े अंतराल के बाद टी20 विश्व के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुई है और अपनी पुराने अतीत को वापस लाने की कवायद में जुटी है। ऐसे में सोमवार को जिंबाब्वे की टीम आयरलैंड के खिलाफ जीत के साथ अपनी धमाकेदार वापसी का ऐलान करने की पुरजोर कोशिश करेगी। इस कोशिश में उसे आयरलैंड से कड़ी चुनौती मिलेगी।

आईसीसी टूर्नामेंट में बड़े उलटफेर के लिए जानी जाने वाली आयरलैंड की टीम टी20 फॉर्मेट में अपने पैर नहीं जमा पाई है। हालांकि इस टीम ने तीनों फॉर्मेट में तरक्की की है। टी20 क्रिकेट में आयरलैंड की टीम की नजर भविष्य पर होगी। क्योंकि केविन ओ'ब्रायन की जगह की भरपाई कर पाना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा। टी20 विश्व कप से पहले आयरलैंड की टीम अफगानिस्तान को मात देने में सफल रही लेकिन नामीबिया के खिलाफ अभ्यास मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा।

चोटों से जूझ रही है जिंबाब्वे की टीम

वहीं दूसरी तरफ जिंबाब्वे की टीम चोटों और बीमारी से जूझ रही है। कई खिलाड़ी बाहर मौके का इंतजार कर रहे हैं। बावजूद इसके माना जा रहा है कि जिंबाब्वे की टीम टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में अपनी ताकत के साथ उतरेगी। सीन विलियम्स, सिकंदर रजा और कप्तान क्रेग एर्विन जैसे मंझे हुए अनुभवी खिलाड़ी टीम की ताकत हैं और मैच विनर भी। लेकिन टीम के टॉप ऑर्डर का प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। यह देखना रोचक होगा कि टीम के कोच डेव हॉटन पॉवरप्ले के लिए कौन सी रणनीति अपनाते हैं। जिसकी इस फॉर्मेट में हार-जीत में अहम भूमिका होती है।

जिंबाब्वे के लिए खराब रहा है साल

ये साल टी20 में जिंबाब्वे के लिए खराब रहा है। उसे पड़ोसी देश नामीबिया और अफगानिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। जिंबाब्वे की टीम में बहुत से बेहतरीन खिलाड़ी हैं लेकिन वो मुख्य रूप से सिकंदर रजा के प्रदर्शन पर निर्भर है। अगर वो फॉर्म में रहे तो ये जिंबाब्वे के लिए सोने पर सुहागा जैसी बात होगी। सीन विलियम्स भी मध्यक्रम में खतरनाक खिलाड़ी हैं अगर उनका बल्ला चल निकला तो वो भी रजा जितने ही खतरनाक खिलाड़ी हैं।

गेंदबाजी से होगा हार जीत का फैसला

इस मैच के दौरान रनों की बारिश होने की पूरी संभावना है। ऐसे में जीत की इबारत दोनों टीमों के गेंदबाज लिखेंगे। आयरलैंड के गेंदबाजी आक्रमण में विविधता है साथ ही खिलाड़ी भी फॉर्म में हैं। इसके बल पर वो जीत हासिल कर सकते हैं। आयरलैंड के कप्तान अपने गेंदबाजों का शानदार तरीके से इस्तेमाल करते हैं। जिबांब्वे के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस बड़ी चुनौती बन गया है। वीसले मधेवेरे का आयरलैंड के खिलाफ खेलना संदेह के घेरे में है। वो अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए थे।

जिंबाब्वे की टीम पिछली बार टी20 विश्व कप में शिरकत नहीं कर पाई थी। ऐसे में आईसीसी स्पर्धाओं में पूर्व में किए शानदार प्रदर्शन से प्रेरणा लेकर जिंबाब्वे की टीम मैदान में अपने अभियान की शुरुआत करने उतर सकती है और अपनी खोई साख हासिल करने के दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:

आयरलैंड:

पॉल स्टर्लिंग(कप्तान), स्टीफन डोहानी, लोरकन टकर(विकेटकीपर), हैरी टेक्टर, जॉर्ज डॉकरेल, गेराथ डेलानी, कर्टिस कैंफर, मार्क अडेर, सिमी सिंह, बैरी मैकार्थी, जोश लिटिल।

जिंबाब्वे:

रेगिस चकाब्वा(विकेटकीपर), क्रेग एर्विन(कप्तान), वीस्ले मधेवेरे, सीन विलियम्स, सिकंदर रजा, मिल्टन सुम्बा, रेयान बर्ल, टोनी मुनयोंगे, ब्लेसिंग मुजरबानी, तेंदई चतारा, रिचर्ड नागरवा।

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे शुरू होगा।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article