क्रिकेट

IND vs AUS: इन दो खिलाड़ियों को देखकर कप्तान सूर्या के चेहरे पर आ जाती है मुस्कान, खुद किया बड़ा खुलासा

IND vs AUS: कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला जीतने के बाद कहा कि जब अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल शीर्ष क्रम में एक साथ बल्लेबाजी करते हैं तो वे सभी के चेहरों पर मुस्कान लाते हैं।

Image

अभिषेक शर्मा शुभमन गिल (फोटो- AP)

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला 2-1 से जीतने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने युवा सलामी जोड़ी शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की जमकर प्रशंसा की है। सूर्यकुमार ने कहा कि जब ये दोनों शीर्ष क्रम में एक साथ बल्लेबाजी करते हैं, तो वे न केवल टीम के लिए रन बनाते हैं, बल्कि सभी के चेहरों पर मुस्कान भी लाते हैं।

'आग और आग' की साझेदारी

श्रृंखला के दौरान गिल और अभिषेक ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के विभिन्न पहलुओं को सीखा है। अंतिम मैच में, हालांकि खराब मौसम के कारण आगे का खेल संभव नहीं हो सका, भारत ने 4.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 52 रन बना लिए थे, जिसमें गिल (16 गेंदों पर 29) और अभिषेक (13 गेंदों पर 23) ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई थी।

सूर्यकुमार ने मैच के बाद संवाददाताओं से इस जोड़ी की तारीफ करते हुए कहा, “जब अभिषेक और शुभमन शीर्ष क्रम पर एक साथ बल्लेबाजी करते हैं तो वे प्रशंसकों के चेहरों पर मुस्कान ला देते हैं। पिछले मैच (गोल्ड कोस्ट) जैसी मुश्किल परिस्थितियों में उन्होंने पिच को अच्छी तरह से समझ कर पावरप्ले को बिना जोखिम उठाए खत्म किया। खिलाड़ी अनुभव से सीखते हैं।”

बचपन से रूममेट रहे हैं गिल और अभिषेक

एक पत्रकार ने जब इस जोड़ी को ‘आग और बर्फ’ (Fire and Ice) की तरह बताया, तो बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मजाकिया लहजे में बात को बीच में काटते हुए जवाब दिया।अभिषेक ने गिल की आक्रामक पारी का जिक्र करते हुए मुस्कुराते हुए कहा, “सर हम आग और बर्फ नहीं, हम आग और आग हैं। आज बर्फ नहीं थी, बस आग थी।”अभिषेक ने अपनी और गिल की शानदार तालमेल का श्रेय उनके लंबे समय के रिश्ते को दिया। उन्होंने कहा, “मैं उसका खेल जानता हूं, वह किन गेंदबाजों को निशाना बनाएगा और वह भी मेरे खेल को अच्छे से समझता है। वह कई बार वह आकर मुझसे कहता है, ‘कुछ गेंदें संभल कर खेलो और फिर यह खास शॉट खेलो।’ हम बचपन से रूममेट रहे हैं और यह समझ हमारे बीच है।”

अभिषेक को यह भी पता है कि शीर्ष टीमें उनके खेल को समझ रही हैं, इसलिए उन्हें सुधार के तरीकों पर भी ध्यान देने के साथ अपने खेल में नए शॉट शामिल करने होंगे। उन्होंने कहा, “मैं भारत के लिए जितना ज्यादा खेलूंगा, पिचों को पढ़ने और उसके अनुसार अपने खेल की योजना बनाने में उतना ही बेहतर होता जाऊंगा।”

सूर्यकुमार के लिए युवा टीम का नेतृत्व सुखद अनुभव

कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से सजी टीम का नेतृत्व करना एक सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा, “मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मेरे पास अलग-अलग कौशल वाले खिलाड़ी हैं। लोग मैदान पर एक साथ होने का आनंद लेते हैं, हम पिछले छह-आठ महीनों से अपनी रणनीति पर कायम हैं। दोस्ती बढ़ रही है। युवा गेंदबाज बूम (जसप्रीत बुमराह) के दिमाग से सीख रहे हैं।”

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article