क्रिकेट

IND vs NZ 5th T20: 33 रन बनाते ही सूर्यकुमार यादव हासिल कर लेंगे खास उपलब्धि, बसे दो भारतीय कर पाएं हैं यह कारनामा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैच की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। भारत पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है, लेकिन जब वह 5वें मुकाबले में उतरेगा तो कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास 3000 क्लब में शामिल होने का मौका रहेगा।

Image

सूर्यकुमार यादव (साभार-Suryakumar Yadav)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तिरुवनंतपुरम में सीरीज का पांचवां टी20 मुकाबला खेला जाना है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव इस मैच में एक खास उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। सूर्यकुमार यादव के लिए साल 2025 बतौर बल्लेबाज बेहद निराशाजनक रहा था। बीते साल खेली 22 टी20 पारियों में वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके थे। टी20 विश्व कप 2026 से पहले उनकी खराब फॉर्म भारतीय टीम की सबसे बड़ी चिंता थी, लेकिन न्यूजीलैंड सीरीज में उन्होंने फॉर्म में वापसी कर ली है। पिछले 4 मैचों में वह दो तूफानी अर्धशतक लगा चुके हैं। सूर्यकुमार यादव की फॉर्म में वापसी से भारतीय मध्यक्रम मजबूत हुआ है।

पिछली 4 पारियों में 32, 82, 56 और 8 रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव के पास 5वें मुकाबले में एक खास मुकाम हासिल करने का मौका है।

33 रन दूर हैं सूर्यकुमार यादव

भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में फिलहाल सूर्यकुमार यादव तीसरे नंबर पर हैं। उनसे ज्यादा रन इस फॉर्मेट में केवल विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम है। सूर्यकुमार यादव ने अब तक 103 टी20 मैचों की 97 पारियों में 36.62 की औसत से 4 शतक और 23 अर्धशतक लगाते हुए 2,967 रन बनाए हैं। अगर वह 5वें टी20 मुकाबले में 33 रन बना लेते हैं तो वह 3000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लेंगे। वह अंतरराष्ट्रीय टी20 में 3,000 रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बन जाएंगे। इस फॉर्मेट में सूर्या से ज्यादा रन बनाने वाले रोहित और विराट ने पिछले टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था।

सूर्यकुमार यादव के लिए साल 2025 अगर उनकी प्रतिष्ठा के मुताबिक रहा होता, तो टी20 फॉर्मेट में वह कई कीर्तिमान अपने नाम कर चुके होते। रोहित शर्मा ने 159 मैचों की 151 पारियों में 5 शतक और 32 अर्धशतक लगाते हुए 4,231 रन बनाए हैं। इसके बाद विराट कोहली हैं। विराट ने 125 मैचों की 117 पारियों में 1 शतक और 38 अर्धशतक लगाते हुए 4,188 रन बनाए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article