एजुकेशन

UP ITI Admission: पांचवें चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 13 से 15 अक्टूबर तक नोडल संस्थानों में जमा होंगे रैंक कार्ड

UP ITI Admission 2026: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश का पंचम चरण शुरू कर दिया गया है। इसके लिए 13 से 15 अक्टूबर तक नोडल संस्थानों में जमा होंगे रैंक कार्ड, 16 अक्टूबर तक पूरी होगी चयन प्रक्रिया।

Image

यूपी आईटीआई एडमिशन

UP ITI Admission 2026: उत्तर प्रदेश केराजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश का पंचम चरण शुरू कर दिया गया है। चतुर्थ चरण के बाद रिक्त रह गई सीटों के लिए पूर्व पंजीकृत गैर-चयनित अभ्यर्थियों के साथ-साथ नवीन ऑनलाइन आवेदकों को भी प्रवेश का अवसर दिया जाएगा।

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव एवं राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि रिक्त सीटों के सापेक्ष अभ्यर्थियों की शैक्षिक अर्हता के आधार पर तैयार मेरिट सूची संबंधित राजकीय आईटीआई को उपलब्ध करा दी गई है। प्रवेश प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

13 से 15 अक्टूबर तक जमा करना होगा रैंक कार्ड

प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी एससीवीटी की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर ‘पंचम चरण के लिए रैंक’ लिंक पर क्लिक कर अपना रैंक कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए पूर्व पंजीकृत अथवा नवीन आवेदनकर्ता के विकल्प का चयन कर पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। रैंक कार्ड प्राप्त करने के बाद उसका प्रिंट निकालकर उस पर हस्ताक्षर करना होगा। हस्ताक्षरित रैंक कार्ड 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 के बीच संबंधित जनपद के किसी भी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में, विशेष रूप से नोडल राजकीय आईटीआई में, अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।

पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों को मिलेगा प्राथमिक अवसर

पंचम चरण में सीट आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। सबसे पहले चतुर्थ चरण तक पंजीकृत लेकिन चयन से वंचित रहे अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद शेष रिक्त सीटों पर नवीन ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर ट्रेड एवं व्यवसाय का आवंटन किया जाएगा। जनपद स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा पूरी प्रक्रिया संपन्न कर 16 अक्टूबर 2026 तक चयनित अभ्यर्थियों की अनुमोदित सूची तैयार की जाएगी। चयन सूची को संबंधित संस्थान के सूचना पट्ट पर भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया की जानकारी समय से मिल सके।

दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही मिलेगा प्रवेश

संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि अभ्यर्थियों को प्रवेश देने से पूर्व उनके मूल अभिलेखों का गहनता से सत्यापन सुनिश्चित करें। शैक्षिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही पात्र अभ्यर्थियों को उनका उचित अवसर सुनिश्चित किया जा सकेगा।

17 अक्टूबर तक पोर्टल पर अपलोड होगा प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों का डाटा

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने वाले सभी अभ्यर्थियों का विवरण एससीवीटी पोर्टल पर अपलोड एवं सत्यापित करने की प्रक्रिया भी निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएगी। संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि 17 अक्टूबर 2026 की रात्रि 12 बजे तक सभी प्रवेशित अभ्यर्थियों का डाटा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड एवं सत्यापित कर दिया जाए।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article