क्रिकेट

इधर फॉर्म में आए पृथ्वी शॉ, उधर मंगेतर आकृति अग्रवाल ने किया पैच-अप, कहा- मुझसे गलती हो गई

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की मंगेतर आकृति अग्रवाल ने पृथ्वी शॉ से पैच-अप करने का ऐलान कर दिया है। इससे पहले 17 सितंबर को सगाई तोड़ने की घोषणा की थी। पृथ्वी और आकृति ने इसी साल मार्च में सगाई की थी।

Image

आकृति अग्रवाल ने पृथ्वी शॉ से किया पैच-अप। फोटो- साभार Prithvi Shaw Instagram

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की मंगेतर आकृति अग्रवाल ने पृथ्वी शॉ से पैच-अप करने का ऐलान कर दिया है। इससे पहले 17 सितंबर को सगाई तोड़ने की घोषणा की थी। अब एक महीने के भीतर ही उन्होंने पृथ्वी शॉ के साथ दोबारा रिश्ते सुधारने की बात कही है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए आकृति ने आरोप लगाया है कि उन्हें गुमराह किया गया था, जिसकी वजह से उन्होंने सगाई तोड़ने का फैसला किया था। हालांकि, अब वे सब कुछ समझ चुकी हैं और रिश्ते को नए सिरे से शुरू करने के लिए तैयार हैं।

आकृति का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब पृथ्वी शॉ का बल्ला रणजी ट्रॉफी 2026-27 के सीजन ओपनर मैच में चल पड़ा है। महाराष्ट्र के लिए खेलते हुए कप्तान पृथ्वी शॉ ने 73 गेंद पर 70 रन की उम्दा पारी खेली। सर्विसेज के खिलाफ खेलते हुए महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 333 रन स्कोर किया। इसके बाद आकृति का सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने पृथ्वी शॉ के साथ रिश्ते सुधारने की बात कही।

मार्च में की थी सगाई

आकृति ने इंस्टाग्राम पर एक ताजा पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने साथ आने की बातें कहीं हैं। उनका ये भी कहना है कि उनके फैसले की वजह से पृथ्वी को बहुत ज्यादा दुख हुआ, जिसकी जिम्मेदारी वे खुद लेती हैं। पृथ्वी और आकृति ने इसी साल मार्च में सगाई की थी। सोमवार को आकृति ने पृथ्वी के साथ हुई सारी गलतफहमियों को दूर करने की बात स्वीकार की।

आकृति ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मैंने अपने करीबी साथियों की सलाह पर रिश्ता तोड़ने का फैसला किया था, जो शायद हमारे रिश्ते को बेहतर तरीके से जानते थे। उन लोगों की राय मेरे और मेरे मंगेतर के रिश्ते पर बहुत गहरा असर डाल गया। मुझे लगता है कि मैं बहुत ज्यादा गुमराह थी। हम दोनों के बीच कम से कम बातचीत होनी चाहिए थी। मैं उस फैसले और उस तकलीफ की जिम्मेदारी लेती हूं।

बाहरी दखल का लगाया आरोप

आकृति ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने पृथ्वी शॉ के साथ मिलकर सुलह करने का फैसला किया। वे अब चाहती हैं कि उन दोनों का रिश्ता दोनों के बीच ही रहे और बाहरी लोगों का कोई भी दखल न हो।

उन्होंने लिखा, हम दोनों ने आपस में खुलकर बात की है, एक-दूसरे को समझा है और फिर से साथ में रहने का फैसला किया है। हम एक-दूसरे के लिए काफी हैं और एक साथ मिलकर रह सकते हैं। हमें किसी और की जरूरत नहीं है। मैं चाहती हूं कि इस बार हमारा भविष्य हमारे प्यार, अपनी समझ और भरोसे से तय हो। प्लीज हमारे फैसले का सम्मान करें। हम फिर से एक शुरुआत कर रहे हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article