क्रिकेट

'ये क्रिकेट नहीं है..' पंत के खिलाफ इंग्लैंड की चाल पर भड़के गावस्कर, ICC क्रिकेट कमिटी के अध्यक्ष सौरव गांगुली से की बड़ी अपील

Sunil Gavaskar Angry: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर हमेशा अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। इसी कड़ी में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच में वे अंग्रेजों की ऋषभ पंत के खिलाफ चाल से नाराज दिखे और सौरव गांगुली से खास अपील कर दी।

Image

सुनील गावस्कर, ऋषभ पंत और सौरव गांगुली (फोटो- PTI/IANS/AP)

Sunil Gavaskar Angry: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट श्रृंखला के तीसरे मुकाबले में एक बार फिर ऋषभ पंत ने अपनी बल्लेबाज़ी से संकट में फंसी टीम इंडिया को उबारा, लेकिन उनके खिलाफ अपनाई गई इंग्लैंड की रणनीति से भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर काफी नाराज़ दिखे। उन्होंने इस रणनीति को ‘क्रिकेट की भावना के खिलाफ’ बताया।

चोटिल पंत के खिलाफ बाउंसरों की बौछार

ऋषभ पंत पहले ही जसप्रीत बुमराह की गेंद पर चोटिल होकर विकेटकीपिंग से बाहर हो गए थे। उन्हें अंगुली में चोट लगी थी और वह दर्द से कराहते नज़र आए। इसके बावजूद उन्होंने बल्लेबाज़ी करते हुए 112 गेंदों में 74 रन की बहुमूल्य पारी खेली। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने जानबूझकर पंत के लिए बाउंसरों की योजना बनाई और चार फील्डरों को बाउंड्री लाइन पर तैनात किया।

गावस्कर का तीखा बयान – "यह क्रिकेट नहीं है"

कॉमेंट्री के दौरान सुनील गावस्कर ने इंग्लैंड की रणनीति पर सख्त ऐतराज़ जताया। उन्होंने कहा कि “आज की गेंदबाज़ी में 56 प्रतिशत बॉल्स शॉर्ट डाली गई हैं। चार फील्डर बाउंड्री पर सिर्फ बाउंसर का इंतज़ार कर रहे हैं। मेरे हिसाब से ये क्रिकेट नहीं है। जब वेस्टइंडीज ऐसा कर रही थी, तब दो बाउंसर प्रति ओवर का नियम लाया गया था। फिर अब यह क्यों चल रहा है?”

गांगुली से की खास अपील

सुनील गावस्कर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए आईसीसी पुरुष क्रिकेट समिति के चेयरमैन सौरव गांगुली से विशेष अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि “मैं सौरव गांगुली से अनुरोध करूंगा कि अगली बार इस पर ध्यान दें। इस तरह से चार-पांच फील्डर लेग साइड की बाउंड्री पर नहीं होने चाहिए। अधिकतम छह फील्डर ही लेग साइड पर होने चाहिए।”उन्होंने कहा कि इस तरह की फील्डिंग और गेंदबाज़ी से क्रिकेट का संतुलन बिगड़ रहा है, और नियमों में बदलाव की आवश्यकता है।

पंत-राहुल की साझेदारी ने भारत को उबारा

ऋषभ पंत ने केएल राहुल के साथ मिलकर भारत को एक समय गंभीर संकट से बाहर निकाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 141 रन की अहम साझेदारी की। राहुल ने इस पारी में इतिहास रचते हुए लॉर्ड्स मैदान पर अपना दूसरा टेस्ट शतक जमाया। वह ऐसा करने वाले पहले एशियाई सलामी बल्लेबाज़ और दिलीप वेंगसरकर के बाद दूसरे भारतीय बने जिनके नाम इस मैदान पर दो शतक हैं। वेंगसरकर के नाम लॉर्ड्स पर तीन शतक दर्ज हैं।

बराबरी पर टिका मैच

इंग्लैंड की पहली पारी 387 रनों पर समाप्त हुई थी, जिसके जवाब में भारत की टीम भी उतने ही रनों पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हो गई है और मैच बराबरी पर टिका है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article