क्रिकेट

सुनील गावस्कर का ऐलान, विराट कोहली हैं वनडे क्रिकेट इतिहास के सबसे महान

रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे करियर का 52वां शतक जड़ने वाले विराट कोहली की सुनील गावस्कर ने जमकर तारीफ करते हुए उन्हें वनडे क्रिकेट इतिहास का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी करार दिया है। जानिए गावस्कर ने विराट की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए क्या कहा?

Image

विराट कोहली

Photo : AP

नई दिल्ली: महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने रविवार को विराट कोहली को अब तक का सबसे महान एकदिवसीय क्रिकेटर बताया और कहा कि इस भारतीय दिग्गज के शतकों का विश्व रिकॉर्ड इस प्रारूप में उनके बेजोड़ कद को दिखाता है। कोहली ने रविवार को अपना 52वां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया जिसमें उन्होंने 120 गेंद पर 135 रन की पारी खेली जिससे भारत ने पहले एकदिवसीय मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आठ विकेट पर 349 रन बनाए।

गावस्कर ने ‘जियोस्टार’ से कहा,'मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई शक है। मेरा मतलब है कि यह सिर्फ मैं नहीं सोचता हूं। मुझे लगता है कि जो लोग उनके साथ और उनके खिलाफ खेले हैं वे सभी इस बात से सहमत हैं कि वह एकदिवीय प्रारूप में सबसे महान हैं। देखिए, आपने 52 शतक बनाए हैं। यह आपको बहुत ऊपर ले जाता है, ऐसा कह सकते हैं।'

भारत के पूर्व कप्तान ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग ने भी कोहली की काबिलियत को माना था। गावस्कर ने कहा,'मैंने अभी सुना कि रिकी पॉन्टिंग ने कहा कि उन्होंने जिन्हें देखा है उनमें कोहली एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ हैं। मेरा मतलब है कि जब कोई ऑस्ट्रेलियाई कप्तान कहता है कि कोहली सबसे अच्छे हैं तो मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई बहस की गुंजाइश है। हर कोई इस बात से सहमत होगा कि किसी ऑस्ट्रेलियाई से तारीफ मिलना बहुत कम होता है।'

गावस्कर ने कहा कि सचिन तेंदुलकर के 51 टेस्ट शतक के लंबे समय के रिकॉर्ड को पार करना कोहली को अलग पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा, 'आप जानते हैं कि सचिन 51 शतक के साथ शीर्ष पर थे लेकिन जब आप महान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देते हैं तो आपको पता चलता है कि आप कहां खड़े हैं।'

गावस्कर ने दक्षिण अफ्रीका के कोच शुक्री कॉनराड की भारत पर विवादित ‘घुटने पर लाने’ वाली टिप्पणी को ‘गलत सलाह’ वाली टिप्पणी बताया। उन्होंने कहा,'यह एक गलत सलाह वाली टिप्पणी हो सकती है - गलत समय, गलत जगह। मुझे उम्मीद है कि अगली बार मीडिया से बात करते हुए वह इस पर बात करेंगे। मुझे नहीं लगता कि माफी मांगने की जरूरत है। मैं निजी तौर पर माफी में विश्वास नहीं रखता।'

गावस्कर ने कहा, ‘‘लेकिन इसे मानना और इसकी भरपाई करना सभी को मंजूर होगा। ऐसी चीजें होती हैं। जोश में आकर आप बहक सकते हैं और कुछ ऐसा कह सकते हैं जो थोड़ा अधिक हो जाए। पिछले 30 वर्षों में भारतीय और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के बीच मजबूत रिश्तों को देखते हुए मुझे लगता है कि वह बस यह साफ कर सकते हैं कि वह थोड़ा बहक गए थे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article