ENG vs AUS: 21 नवंबर को एशेज का आगाज होने जा रहा है। पहला टेस्ट पर्थ में खेला जाएगा जो भारतीय समयनुसार सुबह 8 बजे शुरू होगा। हर बार की तरह इस बार भी इस बहुप्रतिक्षित सीरीज में कई रिकॉर्ड दांव प हैं। इस बार स्टीव स्मिथ और नाथन लॉयन सहित कई ऑस्ट्रेलियाई सितारों के सामने इसे यादगार बनाने का मौका है। रिकॉर्ड के करीब स्टीव स्मिथ और नाथन लॉयन के अलावा ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, उस्मान ख्वाजा और मिचेल स्टार्क जैसे बल्लेबाज लाइन में खड़े हैं।
एशेज में 4000 रन के करीब
पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी कर रहे स्मिथ के सामने कई रिकॉर्ड हैं, चाहे वह 4,000 एशेज रन पूरा करने का रिकॉर्ड हो या फिर 11,000 टेस्ट रन। 5 मैच की इस सीरीज में स्मिथ अगर ये सारे रिकॉर्ड हासिल कर लें तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी। 37 एशेज टेस्ट मैचों में स्मिथ ने 56.01 की औसत से 3,417 रन बनाए हैं, जिसमें 66 पारियों में 12 शतक और 13 अर्द्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 239 है। वह एशेज में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में तीसरे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में उनसे आगे ऑस्ट्रेलिया के डॉन ब्रैडमैन (37 टेस्ट मैचों में 19 शतकों के साथ 5,028 रन) और इंग्लैंड के जैक हॉब्स (41 टेस्ट मैचों में 12 शतकों के साथ 3,636 रन) हैं, और 583 रन बनाकर वह 4,000 एशेज रन पूरे कर सकते हैं।
यह स्टार बल्लेबाज़ ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट मैचों में चौथे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी भी है। स्मिथ ने 119 टेस्ट मैच की 212 पारियों में 56.02 की औसत से 10,477 रन बनाए हैं, जिसमें 36 शतक और 43 अर्धशतक शामिल हैं। उन्हें 11,000 टेस्ट रन पूरा करने के लिए 423 रनों की जरूरत है। रिकी पोंटिंग (168 टेस्ट मैचों में 13,378 रन) और एलन बॉर्डर (156 टेस्ट मैचों में 11,174 रन) के बाद ऐसा करने वाले वह तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन जाएंगे।
लॉयन के निशाने पर 600 विकेट
स्मिथ के अलावा टीम के प्रमुख स्पिनर लियोन 600 अंतरराष्ट्रीय विकेट के करीब हैं। वह इस आंकड़े से केवल आठ विकेट दूर हैं। उन्होंने अभी तक 170 मैचों में 30.95 की औसत से 592 विकेट लिए हैं, जिनमें 8/50, 24 बार पांच विकेट और पांच बार दस विकेट शामिल हैं। यह अनुभवी स्पिनर ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट मैचों में दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने से केवल एक विकेट दूर है। इसके अलावा, बाएं हाथ के बल्लेबाज ट्रेविस हेड 4,000 टेस्ट रन से 37 रन दूर हैं, जिन्होंने 60 टेस्ट मैचों की 101 पारियों में 41.71 की औसत से 3,963 रन बनाए हैं, जिसमें नौ शतक और 20 अर्द्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175 रन है।
तेज गेंदबाज़ स्टार्क भी 100 एशेज विकेट पूरे करने से तीन विकेट दूर हैं। 2013 में डेब्यू के बाद से अब तक 22 एशेज टेस्ट मैचों में उन्होंने 27.37 की औसत से 97 विकेट लिए हैं, जिसमें 6/111 का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और चार बार पारी में पाँच विकेट लेने का कारनामा शामिल है।
पहले एशेज टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम: स्टीव स्मिथ (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, ब्रेंडन डॉगेट, कैमरॉन ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लॉयन, माइकल नेसर, मिशेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर।
