स्मिथ ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘‘वह एक बेहतरीन गेंदबाज हैं, चाहे मैं नई गेंद से, थोड़ी पुरानी गेंद से या पुरानी गेंद से उनका सामना करूं। उनके पास सभी तरह का शानदार कौशल है। वह एक बेहतरीन गेंदबाज हैं, तीनों प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज हैं।’’ पैंतीस वर्षीय स्मिथ पिछली कुछ श्रृंखला से ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी का आगाज कर रहे हैं और उनके भारत के खिलाफ भी ऐसा ही करने की उम्मीद है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए 109 टेस्ट खेल चुके स्मिथ के इस बहुप्रतीक्षित श्रृंखला के दौरान 10 हजार टेस्ट रन का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है। उन्होंने अब तक 9685 रन बनाए हैं। दूसरी ओर बुमराह ने जनवरी 2018 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 37 मैचों में 20.51 की औसत से 164 विकेट लिए हैं।
(भाषा)
