क्रिकेट

BAN vs SL 2nd Test: दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश का हाल बेहाल, जीत से चार विकेट दूर श्रीलंका

मेजबान श्रीलंका बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में जीत के मुहाने पर पहुंच गई है। जीत के लिए उसे चार विकेट की दरकार है।

Image

श्रीलंका क्रिकेट टीम (साभार Sri Lanka Cricket X)

कोलंबो (श्रीलंका): बांग्लादेश ने शुक्रवार को यहां दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप तक दूसरी पारी में छह विकेट गंवाकर 115 रन बनाए जिससे श्रीलंका को पारी से जीत दर्ज करने के लिए महज चार विकेट की दरकार है। श्रीलंका ने पहली पारी में 458 रन बनाकर 211 रन की बढ़त हासिल की थी जबकि बांग्लादेश की टीम अब भी 96 रन से पीछे है और उसके सिर्फ चार विकेट बाकी हैं। बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 247 रन पर सिमट गई थी।

दूसरी पारी में बांग्लादेश का हाल हुआ बेहाल

बांग्लादेश ने दूसरी पारी में अनामुल हक (19), शादमान इस्लाम (12), मोमिनुल हक (15), कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (26), मुश्फिकुर रहीम (26) और मेहदी हसन मिराज (11) के विकेट गंवा दिए। स्टंप तक लिटन दास 13 रन बनाकर खेल रहे थे। श्रीलंका के कप्तान धनंजय डिसिल्वा (13 रन देकर दो विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या (47 रन देकर दो विकेट) ने दो-दो विकेट झटके।

पथुम निसंका ने लगातार दूसरे टेस्ट में मचाया धमाल

इससे पहले श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका (158 रन) ने लगातार दूसरे टेस्ट मैच में 150 से ज्यादा रन बनाए और कुसल मेंडिस ने 87 गेंद में तेजी से 84 रन जुटाकर श्रीलंका को बढ़त हासिल करने में मदद की। श्रीलंका ने तीसरे दिन सुबह दो विकेट पर 290 रन से आगे खेलना शुरू किया। निसांका रात्रिप्रहरी जयसूर्या के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे। बांग्लादेश ने पहले सत्र में चार विकेट झटककर दबदबा बनाने की कोशिश की। पर टीम ने लंच ब्रेक तक छह विकेट गंवाकर 401 रन बना लिए थे।

ताईजुल इस्लाम ने चटकाए पांच विकेट

गॉल में पहले टेस्ट में 187 रन की पारी खेलने वाले निसांका ने छह घंटे से ज्यादा समय तक बल्लेबाजी करते हुए 254 गेंद में 19 चौके से 158 रन बनाए। बांग्लादेश के बाएं हाथ के स्पिनर ताईजुल इस्लाम ने 131 रन देकर पांच विकेट झटके। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article