क्रिकेट

SA vs SL 1st Test: डरबन टेस्ट में महज 42 रन पर ढही श्रीलंकाई पारी, नाम हुआ शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड

डरबन में मेजबान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में 13.5 ओवर में 42 रन पर पर ढेर हो गई और अपने नाम एक अनचाहा और शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड कर लिया।

Image

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम

डरबन (दक्षिण अफ्रीका): दक्षिण अफ्रीका ने मार्को यानसेन (13 रन देकर सात विकेट) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत बृहस्पतिवार को किंग्स्मीड में श्रीलंका को टेस्ट क्रिकेट में उसके न्यूनतम 42 रन के स्कोर पर समेट दिया। इससे पहले श्रीलंका का न्यूनतम स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ कैंडी में 20 साल पहले का है जिसमें टीम महज 71 रन पर ढेर हो गई थी।

बनी सबसे कम गेंद में आउट होने वाली टीम

दक्षिण अफ्रीका ने पहले टेस्ट के दूसरे दिन श्रीलंका को पहली पारी में केवल 83 गेंद (13.5 ओवर) में आउट कर दिया। 100 साल में इतनी कम गेंद में पारी समेटने का भी यह रिकॉर्ड रहा। इंग्लैंड ने 1924 में दक्षिण अफ्रीका को 75 गेंद में ढेर कर दिया था। किंग्स्मीड पर भी यह न्यूनतम स्कोर और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी यह रिकॉर्ड न्यूनतम स्कोर रहा। न्यूजीलैंड की टीम 2013 में केपटाउन में 45 रन पर सिमट गई थी।

दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 191 रन

पिच पहले टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी के मुफीद लग रही थी और दक्षिण अफ्रीका ने सुबह चार विकेट पर 80 रन से आगे खेलते हुए 111 रन जोड़े और पहली पारी 191 रन पर खत्म की। श्रीलंका के लिए कामिंडु मेंडिस 13 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। श्रीलंकाई पारी में चार खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए।

मार्को यानसेन ने किया करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

दक्षिण अफ्रीका के मध्यम गति के गेंदबाज यानसेन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 6.5 ओवर में 13 रन देकर सात विकेट झटके। यानसेन ऑस्ट्रेलिया के ह्यूज ट्रम्बल (इंग्लैंड के खिलाफ 1904 में) के बाद टेस्ट पारी में सात ओवर के अंदर सात विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article