20 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो फटाफट क्रिकेट का रोमांच जारी है। गुरुवार को सीजन का एक और डबल हेडर मुकाबला खेला जाएगा। पहला मुकबला बेंगलोर और पंजाब के बीच, जबकि दूसरा मुकाबला घरेलू मैदान पर कोलकाता का सामना करने उतरेगी। दिल्ली अपने घरेलू मैदान पर जीत के इरादे से उतरेगी। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स की पहले से और फिट होने वाली है। चेन्नई शुक्रवार को आईपीएल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी तो उसे उम्मीद रहेगी कि उसके स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स आखिरकार फिट होकर मैदान पर उतरेंगे। वहीं, दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स ने अपने दाहिने टखने का ऑपरेशन करवाया है जिसके कारण उनका इस साल आगे किसी भी टूर्नामेंट में भाग लेना संदिग्ध है।
आज के डबल हेडर में इन टीमों के बीच होगा मैच
आईपीएल के 16वें सीजन में गुरुवार को एक और डबल हेडर मुकाबला खेला जाएगा। पहला मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला शाम 7.30 बजे से दिल्ली कैपिटल और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच खेला जाएगा। दिल्ली की टीम को मौजूदा सीजन में पहले जीत का इंतजार है। दिल्ली लगातार पांच हार के साथ पॉइंट टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है। दिल्ली की टीम एक बार फिर घरेलू मैदान पर जीत के इरादे से उतरेगी।
इस खिलाड़ी के फिट होने से चेन्नई की उम्मीदें बढ़ीं
चार बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम शुक्रवार को यहां जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी तो उसे उम्मीद रहेगी कि उसके स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स आखिरकार फिट होकर मैदान पर उतरेंगे। पांव की चोट के कारण स्टोक्स पिछले तीन मैचों में नहीं खेल पाए थे लेकिन चेन्नई के लिए यह राहत की बात है कि अब वह फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। स्टोक्स ने बुधवार को अभ्यास सत्र में भी हिस्सा लिया था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) पर करीबी जीत दर्ज करने के बाद चेन्नई की टीम अपने घरेलू मैदान पर लौट रही है और ऐसे में इंग्लैंड के कप्तान की वापसी से उसे और मजबूती मिलेगी। उसके प्रतिद्वंदी सनराइजर्स को पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
मैनचेस्टर सिटी और रियल मैड्रिड सेमीफाइनल में होंगे आमने-सामने
एर्लिंग हालैंड ने फिर से मैनचेस्टर सिटी की तरफ से गोल दागा, जिससे उनकी टीम ने चैंपियंस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब उनका सामना रियल मैड्रिड की मजबूत टीम से होगा। मैनचेस्टर सिटी ने बायर्न म्यूनिख के खिलाफ क्वार्टर फाइनल का दूसरा चरण 1-1 से ड्रा खेला, लेकिन पहले चरण में 3-0 की दमदार जीत के कारण वह 4-1 के कुल स्कोर से जीत दर्ज करके अंतिम चार में जगह बनाने में सफल रहा।
टाइगर वुड्स का हुआ सफल ऑपरेशन, साल में आगे खेलना संदिग्ध
दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स ने अपने दाहिने टखने का ऑपरेशन करवाया है जिसके कारण उनका इस साल आगे किसी भी टूर्नामेंट में भाग लेना संदिग्ध है। वुड्स ने बुधवार को ट्विटर पर इसका खुलासा करते हुए कहा कि फरवरी 2021 में लगी चोट के बाद इसका ऑपरेशन करवाना आवश्यक हो गया था। एक्सेल स्पोर्ट्स में उनके एजेंट मार्क स्टाइनबर्ग ने कहा, ‘वह अभी आराम कर रहे हैं और जल्द ही इससे उबरने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।’ वुड्स के टखने का बुधवार की सुबह न्यूयॉर्क में ऑपरेशन किया गया और स्टाइनबर्ग ने बताया कि वह फ्लोरिडा स्थित अपने घर लौट आए हैं।
सबालेंका पोर्श ग्रां प्री टेनिस टूर्नामेंट के अंतिम-4 में
दूसरी रैंकिंग की आर्यना सबालेंका ने बारबोरा क्रेजिसकोवा को 6-2 6-3 से हराकर पोर्श ग्रां प्री टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। ऑस्ट्रेलियाई ओपन की चैंपियन सबालेंका ने लगातार दो साल स्टुटगार्ट में फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन अभी तक वह क्ले कोर्ट के इस टूर्नामेंट को नहीं जीत पाई हैं। कोको गॉफ, विंबलडन चैंपियन एलेना रायबाकिना और ओन्स जबूर ने भी बुधवार को जीत दर्ज की। पांचवीं वरीयता प्राप्त गॉफ ने अंतिम सेट में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए वेरोनिका कुदेरमेतोवा को 6-2 4-6 7-6 (3) से पराजित किया। अमेरिका की इस 19 वर्षीय खिलाड़ी का अगला मुकाबला अनास्तासिया पोटापोवा से होगा। रायबाकिना ने दूसरे सेट में 3-1 से पिछड़ने के बाद लगातार पांच गेम जीत कर जुले निमेयर को 7-5 6-3 से हराया। तीसरी वरीयता प्राप्त जबूर ने येलेना ओस्टापेंको को 1-6 7-5 6-3 से शिकस्त दी।
(भाषा इनपुट के साथ)
