भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज 25 जनवरी से होने जा रहा है। यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। विराट कोहली की अनुपस्थिति में निश्चितरुप से रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों के सामने बड़ी चुनौती होगी तो वहीं जसप्रीत बुमराह, रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाज पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। लेकिन इन सब के बावजूद इस सीरीज से पहले इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर हो या फिर भारत के दिग्गज सभी इस सीरीज में स्पिन गेंदबाजी को लेकर ज्यादा जोर दे रहे हैं। इस बार भी टीम इंडिया रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्निन और अक्षर पटेल जैसे गेंदबाजों के दम पर उतरेगी।
सवाल उठता है जब टीम में जसप्रीत बुमराह, मार्क वुड, जेम्स एंडरसन और मोहम्मद सिराज जैसे क्वालीटी तेज गेंदबाज मौजूद हैं इसके बावजूद स्पिन गेंदबाजी को लेकर इसकी चर्चा क्यों हो रही है। जवाब है भारतीय पिचों पर इन दो देशों के बीच खेले गए टेस्ट मैच में स्पिन गेंदबाजों की सफलता।
स्पिन गेंदबाज हुए हैं ज्यादा सफल
इन दो टीमों के बीच साल 2021 के बाद के आंकड़ों की बात करें तो तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिन गेंदबाजों ने बाजी मारी है। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने 8 पारी में 32 जबकि अक्षर पटेल ने 6 पारी में 27 विकेट चटकाए हैं। वहीं इंग्लैंड की ओर से जैक लीच ने 7 पारी में 18 और मोइन अली ने केवल 2 पारी में 8 विकेट चटकाए हैं। इनकी तुलना में तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन फीका रहा है। जेम्स एंडरसन ने 4 पारी में केवल 8 विकेट चटकाए हैं।
