क्रिकेट

तेंबा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका का एक और कारनामा, खत्म किया 27 साल का इंतजार

साउथ अफ्रीका ने तेंबा बावुमा की कप्तानी में एक नया कारनामा अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड की धरती पर बावुमा की टीम 27 साल से वनडे सीरीज में जीत का इंतजार कर रही थी। लेकिन बावुमा की लीडरशिप में टीम का यह इंतजार भी खत्म हो गया।

Image

तेंबा बावुमा (Temba Bavuma)

तेंबा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने एक और कारनामा कर दिया है। अभी हाल ही में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाले साउथ अफ्रीकी टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड में 27 साल का सूखा खत्म कर लिया है। 3 मैच की वनडे सीरीज में साउथ अफ्रीका ने शुरुआती दो मुकाबला जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। तेंबा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को दूसरे वनडे मुकाबले में 5 रन से हराकर सीरीज में यह अजेय बढ़त ली। यह 1998 के बाद से इंग्लैंड में साउथ अफ्रीका की पहली वनडे सीरीज जीत है।

साउथ अफ्रीका ने मई 1998 में इंग्लैंड की सरजमीं पर खेली गई तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। साउथ अफ्रीका ने उस सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले जीते थे, जिसके बाद इंग्लैंड ने आखिरी मैच को सात विकेट से जीतकर अपनी लाज बचाई। इंग्लैंड की टीम एक बार फिर अपने ही घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज गंवा बैठी है। अब उसके पास सीरीज के तीसरे मुकाबले को जीतकर लाज बचाने का मौका होगा। सीरीज का अंतिम मुकाबला सात सितंबर को साउथैम्पटन में आयोजित होगा।

लंदन में गुरुवार देर रात खत्म हुए दूसरे वनडे मुकाबले की बात करें, तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 8 विकेट खोकर 330 रन बनाए। टीम को एडन मार्करम और रयान रिकेल्टन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच 13.1 ओवरों में 73 रन की साझेदारी हुई। रिकेल्टन 33 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे कप्तान टेंबा बावुमा महज चार रन बनाकर आउट हो गए। मार्करम ने 64 गेंदों में एक छक्के और छह चौकों की मदद से 49 रन की पारी खेली।

शानदार शुरुआत के बावजूद साउथ अफ्रीकी टीम 19 ओवरों तक तीन विकेट गंवाकर 93 रन ही बना सकी थी। यहां से मैथ्यू ब्रीत्जके ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ चौथे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। ब्रीत्जके 77 गेंदों में 85 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में तीन छक्के और सात चौके शामिल थे। इनके अलावा स्टब्स ने 58, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 42 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक चार शिकार किए, जबकि आदिल राशिद को दो सफलताएं हाथ लगीं। इनके अलावा जैकब बेथेल ने एक विकेट अपने नाम किया। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 325 रन ही बना सकी। मेजबान टीम के लिए जोस बटलर और जो रूट ने 61-61 रन जुटाए, जबकि जैकब बेथेल ने 58 रन की पारी खेली, लेकिन इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सके। साउथ अफ्रीका की तरफ से नांद्रे बर्गर ने तीन विकेट अपने नाम किए। केशव महाराज को दो सफलताएं हाथ लगीं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article