क्रिकेट

South Africa Squad for T20 and ODI Series: भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम का ऐलान, बावुमा और मार्करम संभालेंगे कमान

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। जानिए किन प्लेयर्स को मिला मौका?

Image

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट Proteas Men)

जोहान्सबर्ग: तेम्बा बावुमा को भारत के खिलाफ तीन मैचों की आगामी एकदिवसीय श्रृंखला के लिए शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका का कप्तान नियुक्त किया गया, लेकिन प्रमुख तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा मौजूदा टेस्ट श्रृंखला से पहले अभ्यास सत्र के दौरान पसली में लगी चोट से उबरने में नाकाम रहने के बाद स्वदेश लौटेंगे। बावुमा भारत के खिलाफ दो मैचों टीम टेस्ट श्रृंखला में टीम की अगुवाई कर रहे हैं।

डिकॉक को मिली दोनों प्रारूपों की टीम में जगह

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संन्यास से सफेद गेंद प्रारूप में वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को भी टीम में शामिल किया गया है। डिकॉक को हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। उन्होंने तीन पारियों में एक शतक और दो अर्धशतकों सहित 232 रन बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया था। पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में दूसरे स्थान पर रहे लुहान डी प्रिटोरियस को हालांकि भारत के खिलाफ श्रृंखला के लिए टीम में मौका नहीं मिला है। भारत और दक्षिण अफ्रीका 30 नवंबर से छह दिसंबर के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में आमने-सामने होंगे।

टी20 टीम की कमान संभालेंगे मार्करम

शीर्ष क्रम के बल्लेबाज एडेन मार्करम की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी हो रही है। पाकिस्तान में टेस्ट श्रृंखला में टीम की कमान संभालने के बाद उन्हें आराम दिया गया था। वह डोनोवन फेरेरिया की जगह कप्तानी संभालेंगे। मार्करम एकदिवसीय टीम का भी हिस्सा हैं। बायें हाथ के अनुभवी स्पिनर केशव महाराज भी पाकिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला से बाहर रहने के बाद सीमित ओवरों की टीम में लौट आए हैं। पिछले साल भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया टी20 श्रृंखला से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। दक्षिण अफ्रीका नौ दिसंबर से भारत के साथ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगा।

दक्षिण अफ्रीका एकदिवसीय टीम (South Africa ODI Squad):

तेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटिनिल बार्टमैन, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोर्जी, रुबिन हरमन, मार्को यानसन, केशव महाराज, एडेन मारक्रम, लुंगी एनगिडी, रियान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन।

दक्षिण अफ्रीका टी20 टीम (South Africa T20 Squad):

एडेन मार्करम(कप्तान), ओटिनिल बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोर्जी, डोनोवन फेरेरिया, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्किया, ट्रिस्टन स्टब्स।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article