क्रिकेट

दक्षिण अफ्रीका टीम के हेड को कोच को है विश्वास, उनकी टीम रच सकती है टीम इंडिया के खिलाफ इतिहास

दक्षिण अफ्रीकी टीम के हेड को शुक्री कॉनराड को उम्मीद है कि उनकी टीम भारत दौरे पर टेस्ट सीरीज में सफलता का नया इतिहास रच सकती है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

Image

शुक्री कनरॉड( फोटो क्रेडिट @Werries_ X)

कोलकाता: दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुक्री कॉनराड को उम्मीद है कि केशव महाराज, सेनुरन मुथुस्वामी और साइमन हार्मर की उनकी स्पिन तिकड़ी भारत के अपने अनुभवी प्रतिद्वंद्वियों के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगी और उनकी टीम दो मैच की टेस्ट श्रृंखला जीतकर इतिहास रचने में सफल रहेगी। उन्होंने इस श्रृंखला की तुलना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से की। पहला टेस्ट मैच शुक्रवार से ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा जबकि गुवाहाटी 22 नवंबर से अपने पहले टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। दक्षिण अफ्रीका के स्पिनरों ने हाल में पाकिस्तान दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया था और वह भारत के खिलाफ भी ऐसा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हमारे पास हैं पहले से बेहतर स्पिनर

कॉनराड ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा,'क्या आपकी टीम में अच्छे स्पिनर होने से पूरे मुकाबले का रोमांच बढ़ जाता है। मेरा जवाब है हां। मुझे लगता है कि इससे हमें काफी आत्मविश्वास मिलता है। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि अतीत में हमारे पास अच्छे स्पिनर नहीं थे, लेकिन हमें निश्चित रूप से लगता है कि अब केशव, साइमन और सेन के रूप में हमारे पास बेहतर स्पिनर हैं। अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो हम महसूस करेंगे कि हमारे पास भारत को चुनौती देने के लिए पर्याप्त मारक क्षमता है। हमें पूरा विश्वास है कि हम ईडन गार्डन्स और भारत में नया इतिहास रच सकते हैं।'

भारत दौरे पर जीत होगी डब्लूटीसी फाइनल जैसी

कॉनराड ने भारत के खिलाफ मुकाबले की तुलना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल से की,जिसमें उन्होंने जीत हासिल करके इतिहास रचा था। उन्होंने कहा,'हमने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल जीता था जो बहुत बड़ी जीत थी। मैं इस श्रृंखला और इस मैच की तुलना उस फाइनल से करता हूं।'

कॉनराड भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उसके ही मैदान पर खेलने के महत्व को समझते हैं। उन्होंने कहा,'भारत में खेलना वैसे भी कड़ी चुनौती है और जब आप ईडन गार्डन्स जैसे प्रतिष्ठित मैदान पर खेलते हैं तो यह चुनौती और भी कड़ी हो जाती है। मुझे नहीं लगता कि हमारे सामने इससे बड़ी कोई और चुनौती हो सकती है।'

आईपीएल में खेलने का मिलेगा खिलाड़ियों को फायदा

दक्षिण अफ्रीका के कोच को विश्वास है कि उनके खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने का फायदा टीम को इस श्रृंखला में मिलेगा। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि पहले जब आप भारत में नए खिलाड़ी के रूप में आते थे तो यहां की परिस्थितियों से हैरान हो सकते थे लेकिन अब हमारे खिलाड़ियों के पास आईपीएल में खेलने का अनुभव है और वे यहां की परिस्थितियों को लेकर सहज हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि इससे हमारे लिए परिस्थितियों के अनुकूल ढलना थोड़ा आसान हो जाएगा। हमारे अधिकतर खिलाड़ियों के लिए यह कोई नई बात नहीं है और यह मुकाबला बराबरी का होगा।'

दोनों टीमों के पास हैं विश्व स्तरीय तेज गेंदबाज

उन्होंने कहा कि तेज गेंदबाज भी अपनी भूमिका निभाएंगे। कॉनराड ने कहा,'भारत में हर कोई स्पिन की बात करता है, लेकिन दोनों ही टीमों के पास विश्वस्तरीय तेज़ गेंदबाज़ हैं। अगर इतिहास पर यकीन किया जाए तो ईडन गार्डन्स में तेज़ गेंदबाज़ों के लिए हमेशा कुछ न कुछ ज़रूर होता है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article