क्रिकेट

AUS vs SA Highlights: महाराज के जादू से बिखरी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी, जीत के साथ साउथ अफ्रीका का आगाज

साउथ अफ्रीका ने जीत के साथ 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज किया। पहले मुकाबले में उसनेऑस्ट्रेलिया को 98 रन से हरा दिया। इस जीत के हीरो रहे केशव महाराज, जिन्होंने 33 रन देकर 5 विकेट चटकाए।

Image

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया (साभार-X)

टी20 सीरीज गंवाने के बाद साउथ अफ्रीका ने 3 मैच की वनडे सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की। केयर्न्स में खेले गए पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने बायें हाथ के स्पिनर केशव महाराज के करियर बेस्ट स्पेल (33 रन देकर पांच विकेट) की मदद से आस्ट्रेलिया को 98 रन से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 297 रन का लक्ष्य था, लेकिन महाराज की फिरकी के सामने बल्लेबाजों की एक न चली और टीम 40.5 ओवर में 198 रन बनाकर ढेर हो गई। महाराज ने स्पिन गेंदबाजी की मददगार पिच का पूरा फायदा उठाया।

आस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने 96 गेंद में 88 रन बनाये जबकि बेन ड्वारशुइस ने 33 रन का योगदान दिया। ट्रेविस हेड (27) ने आस्ट्रेलिया को आक्रामक शुरूआत दी और पहले सात ओवर में 60 रन बन गए। उन्होंने तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर को एक ही ओवर में पांच चौके लगाये, हालांकि, उन दोनों के आउट होने के बाद टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी 6 विकेट 29 रन के भीतर गंवा दिए।

एक वक्त आस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के 60 रन था, लेकिन उसके बाद 89 रन तक उसने छह विकेट गंवा दिए थे। इनमें से पांच विकेट महाराज ने लिये। उन्होंने मार्नस लाबुशेन और एलेक्स कारी को पगबाधा आउट किया जबकि कैमरन ग्रीन, जोश इंगलिस और आरोन हार्डी क्लीन बोल्ड हुए। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के लिये एडेन माक्ररम ने 82, कप्तान तेम्बा बावुमा ने 65 और मैथ्यू ब्रीज्के ने 57 रन बनाये।

विश्व कप 2023 सेमीफाइनल के बाद आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह पहला वनडे था । मार्च में चैम्पियंस ट्रॉफी में उनका मुकाबला बारिश में धुल गया था ।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article