क्रिकेट

South Africa vs England: इंग्लैंड दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीका ने किया वनडे और टी20 टीम का ऐलान, जानिए पूरा कार्यक्रम

दक्षिण अफ्रीका ने सितंबर में होने वाले इंग्लैंड दौरे के लिए अपनी वनडे और टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। जानिए दौरे का कार्यक्रम।

Image

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका ने सितंबर में होने वाले इंग्लैंड दौरे के लिए अपनी वनडे और टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। 2 से 14 सिंतबर के बीच इंग्लैंड दौरे पर दक्षिण अफ्रीकी टीम तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगी। दौरे का आगाज 2 सितंबर को वनडे सीरीज के साथ लीड्स में होगा। सीरीज में वनडे टीम की कमान टेम्बा बावुमा के हाथों में होगी वहीं टी20 टीम की कप्तानी एडेन मार्करम संभालेंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज के समाप्त होने के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम सीधे इंग्लैंड रवाना हो जाएगी।

रबाडा की फिटनेस का करेंगे आकलन

तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को दोनों टीमों में जगह दी गई है। टीम के ऐलान के बाद दक्षिण अफ्रीका के कोच शुकरी कॉनराड ने कहा, हम इंग्लैंड में कागिसो की स्थिति का फिर से आकलन करेंगे। हमें उम्मीद है कि वह वनडे सीरीज के कुछ हिस्सों के लिए उपलब्ध रहेंगे, लेकिन हम टी20 क्रिकेट को प्राथमिकता दे रहे हैं और उनको लेकर संयमित रुख अपनाएंगे। ऑलराउंडर मार्को यानसेन अंगूठे की चोट से उबर गए हैं और उन्हें टी20 में शामिल किया गया है। युवा तेज गेंदबाज क्वेना मफाका को दोनों फॉर्मेट की टीम में रबाडा के कवर के रूप शामिल किया गया है।

तीन साल बाद द. अफ्रीका कर रही है इंग्लैंड का दौरा

दक्षिण अफ्रीकी टीम ने इससे पहले इंग्लैंड दौरा साल 2022 में किया था। उस साल वनडे सीरीज 1-1 से बराबर रही थी और टी20 सीरीज दक्षिण अफ्रीका ने 2-1 से अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड में भी दक्षिण अफ्रीकी टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

ऐसा है सीरीज का कार्यक्रम

वनडे सीरीज का आगाज 2 सितंबर को होगा। सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में खेले जाएगा। दूसरा मुकाबला 4 सितंबर को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। वनडे सीरीज का अंत 7 सितंबर को साउथैम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। तीन मैच की टी20 सीरीज कार्डिफ में 10 सितंबर को शुरू होगी। इसके बाद दूसरा टी20 मुकाबला 12 सितंबर को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज का अंत 14 सितंबर को नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर होगा। इसी के साथ दौरा समाप्त होगा।

ऐसी है इंग्लैंड दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम:

इंग्लैंड दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीका की ODI: टेम्बा बावुमा(कप्तान), कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, टोनी डी जोर्जी, केशव महाराज, क्वेना मफाका, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी नगिडी, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, कगिसो रबाडा, रियान रिकल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स।

इंग्लैंड दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीका की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम: एडेन मार्करम(कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसेन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी नगिडी, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, कगिसो रबाडा, रियान रिकल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, लिजार्ड विलियम्स।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article