Sourav Ganguly Opens Up On Captaincy Of Virat Kohli: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने जब कप्तानी छोड़ी थी, तो उस समय तमाम तरह की चर्चाएं सामने आई थीं। कुछ ने इसे दबाव में कप्तानी छोड़ना बताया था, जबकि कुछ का मानना था कि पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली उनसे खुश नहीं थे इसलिए उन्हें कप्तानी से हटाया। किसी भी खबर पर मुहर नहीं लग सकी क्योंकि ना गांगुली ने और ना ही विराट कोहली कभी इसको लेकर खुलकर बात की। अब सौरव गांगुली ने उस मुद्दे पर अपनी बात खुलकर सामने रखी है।
गौरतलब है कि जब विराट कोहली को वनडे टीम की कप्तानी से हटाया गया था तब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोहली ने ये तक कह दिया था कि उनको इस बारे में किसी ने भी जानकारी नहीं दी थी और उनसे बात नहीं की थी। खबरें ये थीं कि उस समय बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने विराट कोहली की कप्तानी जाने की वजह बने थे। हालांकि दादा ने कुछ मौकों पर इससे इनकार तो किया लेकिन इस बार खुलकर बात की है।
रिएलिटी शो दादागिरी अनलिमिटेड सीजन 10 में सौरव गांगुली ने इस मुद्दे पर बात करते हुए कहा, "मैंने विराट को कप्तानी से नहीं हटाया था। मैं ये कई बार कह चुका हूं। वो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी करना नहीं चाह रहा था। तो जब उसने ये फैसला ले लिया, तो मैंने उससे कहा, कि अगर तुम टी20 में कप्तानी करने के इच्छुक नहीं हो तो बेहतर रहेगा कि तुम वाइट बॉल क्रिकेट के अन्य प्रारूप में भी कप्तानी छोड़ दो। टेस्ट क्रिकेट में अलग और सीमित ओवर क्रिकेट में अलग-अलग कप्तान कर देते हैं।
साल 2017 में महेंद्र सिंह धोनी द्वारा वनडे और टी20 की कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली को इन दोनों प्रारूपों का कप्तान चुना गया था। उसके बाद से टीम इंडिया ने कई मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया लेकिन भारत कई बड़े टूर्नामेंट में अंत तक पहुंचने के बावजूद खिताब जीतने में सफल नहीं हुई। जब विराट कोहली को वनडे के कप्तान पद से हटा दिया गया, उसके बाद जनवरी 2022 में विराट कोहली ने टेस्ट टीम की कप्तानी अचानक छोड़ते हुए सबको चौंका दिया। विराट कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे जिनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने 48 टेस्ट मैचों में से 40 मुकाबलों में जीत दर्ज की थी।
