Asian Table Tennis Championship: हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े की भारतीय जोड़ी ने ताशकंद में जारी एशियाई टेबल टेनिस चैंपियनशिप में मिक्स्ड डबल्स में भारत के लिए एक पदक पक्का करके बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों ने मिलकर भारत के लिए इस चैंपियनशिप में नया इतिहास रचा है।
इस भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर 72 साल में पहली बार एशियाई टेबल टेनिस चैंपियनशिप के मिक्स्ड डबल्स इवेंट में भारत के लिए पदक पक्का किया। इससे पहले भारत ने इस इवेंट में आखिरी बार 1954 में मिक्स्ड डबल्स में पदक जीता था।
सेमीफाइनल में पहुंचकर हरमीत और यशस्विनी ने कम से कम ब्रॉन्ज मेडल तो पक्का कर ही लिया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया के पार्क गैंगह्योन और ली डेउन को 3-2 से हराकर पदक पक्का किया।
अब सेमीफाइनल में हरमीत और यशस्विनी का मुकाबला जापान के सोरा मात्सुशिमा और मिवा हारिमोटो से होगा, जिसमें जीतने वाली जोड़ी फाइनल में जगह बनाएगी।
भारत की एक और मिक्स्ड जोड़ी, पायस जैन और सिंड्रेला दास, पदक पक्का करने से चूक गई। उन्हें क्वार्टर फाइनल में चीन के यी चेन और हुआंग यूझेंग से 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।
हरमीत हाल ही में हुए एशियाई खेलों का हिस्सा थे, लेकिन जिन तीन इवेंट्स में उन्होंने हिस्सा लिया, उनमें से किसी में भी वे पदक नहीं जीत सके। उन्होंने पुरुष टीम इवेंट में हिस्सा लिया था, जहां भारत राउंड ऑफ 16 तक तो पहुंचा, लेकिन दक्षिण कोरिया से हार गया। मिक्स्ड डबल्स में उन्होंने यशस्वी के साथ जोड़ी बनाई थी, जहां वे क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे, लेकिन चीन के लिन शिदोंग और कुआई मैन से हार गए।
उन्होंने सत्यन ज्ञानसेकरन के साथ पुरुष डबल्स इवेंट में भी हिस्सा लिया था; हालांकि, तीसरे राउंड में उन्हें जापान के सोरा मात्सुशिमा और शुनसुके तोगामी से हार का सामना करना पड़ा और वे बाहर हो गए।
यशस्वी भी एशियाई खेलों से खाली हाथ लौटी थीं। वह महिला सिंगल्स के तीसरे राउंड में जापान की मिवा हारिमोटो से हार गई थीं। यशस्विनी और दिया चितले महिला डबल्स के क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं, लेकिन वहां उन्हें चीन की फैन शुहान और चेन यी से 0-3 से हार मिली।
