भारत और इंग्लैंड के बीच हो रहे दूसरे टेस्ट की पिच को देखकर पूर्व बीसीसीआई चीफ सौरव गांगुली ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारत के बल्लेबाजी पर भी सवाल खड़ा किया है। गांगुली ने लिखा 'जब मैं बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और मुकेश को गेंदबाजी करते देखता हूं। मैं चकित रह जाता हूं कि हमें भारत में टर्निंग ट्रैक तैयार करने की आवश्यकता क्यों है।
अच्छे विकेटों पर खेलने का मेरा विश्वास हर मैच के साथ बढ़ता जा रहा है। अश्विन जडेजा, कुलदीप और अक्षर किसी भी विकेट पर 20 विकेट लेने में सक्षम हैं। पिछले 6 से 7 वर्षों में घरेलू मैदान पर अच्छी पिच की कमी के कारण बल्लेबाजों की गुणवत्ता गिर रही है। इसलिए यहां अच्छी विकेट बेहद जरूरी है। भारत अभी भी 5 दिन में टेस्ट जीतेगा। गांगुली ने यह लिखते हुए बीसीसीआई को टैग भी किया है जिसका मतलब है कि वह आने वाले समय में भारत में अच्छी पिच देखना चाहते हैं।
बल्लेबाजों ने किया निराश
गांगुली की यह चिंता इसलिए सामने आई है क्योंकि इस दौरे पर अब तक भारतीय बल्लेबाज अपनी प्रतिभा के अनुसार नहीं खेल पाए हैं। हमने पहले टेस्ट में भी देखा और दूसरे टेस्ट मैच में भी कमोवेश वही स्थिति है। यशस्वी जायसवाल को छोड़कर भारत का कोई भी बल्लेबाज 40 रन से ऊपर स्कोर नहीं कर पाया। यही कारण है कि पहले टेस्ट में 190 रन की बढ़त लेने के बावजूद इंग्लैंड की टीम वापसी करने में कामयाब रही और टीम इंडिया को 28 रन के अंतर से मैच गंवाना पड़ा। इससे पहले कोई भी विदेशी टीम ऐसा नहीं कर पाई थी।
