Sri Lanka Cricket Awards: श्रीलंका क्रिकेट ने साल 2025 के शानदार प्रदर्शन के लिए अपने सितारों को सम्मानित किया। कोलंबो में हुए SLC अवॉर्ड्स में पुरुष वर्ग में पथुम निसांका और महिला वर्ग में कप्तान चमारी अटापट्टू को 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' का सबसे बड़ा पुरस्कार मिला। दोनों ने पिछले साल तीनों फॉर्मेट में लगातार अच्छा खेल दिखाकर श्रीलंकाई क्रिकेट का नाम रोशन किया।
निसांका का धमाकेदार साल
ओपनर पथुम निसांका के लिए 2025 करियर का बेस्ट साल रहा। उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर कुल 1,414 रन बनाए और उनका औसत 40.40 रहा। निसांका ने 5 टेस्ट में 388 रन, 12 वनडे में 401 रन और 18 टी20 इंटरनेशनल में 625 रन ठोके। टी20 में उनका स्ट्राइक रेट 149.16 का रहा, जिससे वह टीम के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज बने। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें टेस्ट और टी20 में 'बेस्ट बैटर' का अवॉर्ड भी मिला।
असलंका बेस्ट ODI बैटर
पुरुष वर्ग के अन्य अवॉर्ड्स में चरित असलंका को 494 रन के लिए 'बेस्ट ODI बैटर' चुना गया। गेंदबाजी में दुश्मंथा चमीरा ने 14 टी20 मैचों में 22 विकेट लेकर 'बेस्ट टी20 गेंदबाज' का खिताब जीता। वहीं असिथा फर्नांडो को वनडे में 23 विकेट के लिए 'बेस्ट ODI गेंदबाज' मिला। स्पिनर प्रभात जयसूर्या को टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के लिए 'बेस्ट टेस्ट गेंदबाज' का अवॉर्ड दिया गया। ऑलराउंडर कैटेगरी में धनंजय डी सिल्वा 'बेस्ट टेस्ट ऑलराउंडर', दासुन शनाका 'बेस्ट टी20 ऑलराउंडर' और वानिंदु हसरंगा 'बेस्ट ODI ऑलराउंडर' चुने गए।
चमारी का महिला वर्ग में दबदबा
महिला टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू ने अवॉर्ड सेरेमनी में धूम मचा दी। उन्हें 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' के साथ 'बेस्ट टी20 बैटर', 'बेस्ट ODI गेंदबाज' और दोनों व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में 'बेस्ट ऑलराउंडर' का पुरस्कार मिला। चमारी ने टी20 में 190 रन बनाए और वनडे में 13 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में हर्षिता समरविक्रमा को वनडे में 441 रन बनाने के लिए 'बेस्ट ODI बैटर' और कविशा दिलहारी को 8 विकेट के लिए 'बेस्ट टी20 गेंदबाज' चुना गया। उभरते सितारों में पुरुष वर्ग का अवॉर्ड कामिल मिशारा और महिला वर्ग का अवॉर्ड इमेशा दुलानी को मिला।
लाइफटाइम अचीवमेंट और अन्य सम्मान
समारोह में अंपायर रविंद्र कोट्टाहाच्ची को 'अंपायर ऑफ द ईयर' चुना गया। श्रीलंका क्रिकेट ने 4 दिग्गजों को 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' से भी नवाजा। इनमें टेस्ट से पहले के दौर के कप्तान माइकल टिसेरा और अनुर टेन्नेकून, वरिष्ठ खेल पत्रकार रीमस फर्नांडो और प्रसारण से जुड़े केलुम श्रीमल शामिल थे।SLC ने कहा कि 2025 में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दिखाया कि श्रीलंकाई क्रिकेट फिर से पटरी पर लौट रहा है।
