क्रिकेट

SL vs NZ: जयसूर्या की घातक गेंदबाजी, न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका ने दर्ज की रोमांचक जीत

Sri Lanka vs New Zealand 1st Test: श्रीलंका ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 63 रन से हराया। इसी जीत के साथ टीम ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 26 सितंबर से शुरू होगा।

Image

मैच के दौरान श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी। (फोटो- Sri Lanka Cricket X)

Photo : Twitter

Sri Lanka vs New Zealand 1st Test: बाएं हाथ के स्पिनर प्रबाथ जयसूर्या के दूसरी पारी में पांच विकेट और मैच में नौ विकेट की मदद से श्रीलंका ने सोमवार को यहां पहले क्रिकेट टेस्ट में न्यूजीलैंड को 63 रन से हरा दिया। श्रीलंका के 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड को अंतिम दिन जीत के लिए 68 रन की दरकार थी जबकि उसके सिर्फ दो विकेट शेष थे। मेहमान टीम ने हालांकि 3.4 ओवर में चार रन जोड़कर अपने बाकी बचे दो विकेट भी गंवा दिए और उसकी पारी 211 रन पर सिमट गई।

कल के नाबाद बल्लेबाज रचिन रविंद्र (92) अपने स्कोर में सिर्फ एक रन और जोड़कर जयसूर्या की गेंद पर पगबाधा हो गए। रविंद्र ने 168 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का मारा। जयसूर्या ने अगले ओवर में विलियम ओरोर्के को खाता खोले बिना बोल्ड करके श्रीलंका को जीत दिलाई और टेस्ट क्रिकेट में आठवीं बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट चटकाए। रविंद्र शतक से चूक गए लेकिन उनके 92 रन गॉल में न्यूजीलैंड की ओर से सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उन्होंने रोस टेलर को पीछे छोड़ा जिन्होंने 86 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड ने गॉल में अपने पांचों टेस्ट गंवाए हैं और इस दौरान उसका कोई बल्लेबाज शतक नहीं लगा पाया। इस जीत से श्रीलंका विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। वह भारत और ऑस्ट्रेलिया से पीछे है। श्रृंखला की शुरुआत तीसरे स्थान पर करने वाला न्यूजीलैंड चौथे स्थान पर खिसक गया है। इससे पहले श्रीलंका के पहली पारी में 305 रन के जवाब में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 340 रन बनाए थे। श्रीलंका ने दूसरी पारी में 309 रन का स्कोर खड़ा करके मेहमान टीम को 275 रन का लक्ष्य दिया।

दो मैच की सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट गुरुवार से गॉल में ही खेला जाएगा। श्रीलंका की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 2009 से पहली टेस्ट सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी। तब से दोनों टीम के बीच छह श्रृंखलाएं हुई हैं जिसमें से न्यूजीलैंड ने चार जीती जबकि दो बराबरी पर छूटीं।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article