SL vs BAN 2nd ODI Pitch Report Today Match: श्रीलंकाई क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम (Bangladesh vs Sri Lanka) के बीच आज तीन वनडे मैचों की द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच कोलंबो (Colombo) में खेला जाएगा। इससे पहले, वनडे सीरीज के पहले मैच में श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश को 245 रनों का लक्ष्य दिया था जिसके जवाब में मेहमान बांग्लादेश की टीम 77 रन से चूक गई थी और श्रीलंका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब अगर आज श्रीलंका जीता तो सीरीज उसके कब्जे में आ जाएगी। आज दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला दूसरा वनडे मैच भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 2:30 बजे से होगा। जबकि टॉस 2:00 बजे होगा। मेहमान बांग्लादेशी टीम की कप्तानी मेहदी हसन मिराज (Mehidy Hasan Miraz) कर रहे हैं। वहीं, मेजबान श्रीलंकाई टीम की कमान चरिथ असलंका (Charith Asalanka) के हाथों में है जिन्होंने पिछले मैच में शानदार शतक भी लगाया था।
बांग्लादेश-श्रीलंका दूसरे वनडे मैच से पहले जान लेते हैं कि वनडे क्रिकेट में जब ये दोनों टीमें आमने-सामने आई हैं तो नतीजे किसके पक्ष में ज्यादा रहे हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक वनडे क्रिकेट इतिहास में 58 मुकाबले हो चुके हैं। इनमें श्रीलंकाई टीम ही हावी नजर आई है। श्रीलंका ने 44 वनडे मुकाबलों में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को हराया है। वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट टीम अब तक सिर्फ 12 वनडे में जीत दर्ज करने में सफल हो सकी है। दो मैच बेनतीजा रहे थे। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच चल रही मौजूदा सीरीज श्रीलंका में आयोजित हो रही है। श्रीलंका में अब तक बांग्लादेश-श्रीलंका की टीमों के बीच 25 वनडे हो चुके हैं, जिसमें 21 बार मेजबान श्रीलंका विजयी रही, वहीं, बांग्लादेश की टीम सिर्फ 2 मैचों में श्रीलंका पर उसकी जमीन पर जीत दर्ज कर पाई है। आपको ये बता दें कि दोनों टीमों के बीच पहले वनडे की तरह आज खेला जाने वाला दूसरा वनडे मैच भी कोलंबो में होने जा रहा है और इस मैदान पर आज तक बांग्लादेश ने एक भी मैच नहीं जीता है, इसमें पिछले मुकाबले की हार भी शामिल है। आज तक कोलंबो में श्रीलंका-बाग्लादेश के बीच 10 वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं और इन सभी मैचों में श्रीलंका विजेता टीम रही है।
श्रीलंका बनाम बांग्लादेश दूसरे वनडे मैच की पिच रिपोर्ट (SL vs BAN 2nd ODI Pitch Report)
आज जब श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें मौजूदा वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में एक बार फिर आमने-सामने आएंगी तो वेन्यू वही होगा जहां पिछला मैच खेला गया था। यानी कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम (R Premadasa Stadium, Colombo), पिछले मैच में जो कुछ हुआ और इस मैदान के जो आंकड़े आपको बताए हैं उसको देखते हुए मेजबान श्रीलंकाई टीम का पलड़ा ही भारी नजर आ रहा है। यहां बांग्लादेश ने आज तक एक भी वनडे मैच नहीं जीता है और पिछले मैच में भी उनका बुरा हाल हुआ जब श्रीलंका ने 244 रन बनाए और जवाब में बांग्लादेश की टीम सिर्फ 35.5 ओवर में कुल 167 रन पर सिमट गई थी। इस दौरान बांग्लादेश ने 5 रन के अंदर अपने 7 विकेट गंवाए थे जब वनडे क्रिकेट में विकेटों के पतझड़ का नया रिकॉर्ड बन गया है। इस पिच पर ये साफ देखा गया है कि शुरुआत में जब रोलर पिच पर चलाया जाता है तो पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को कुछ समय तक अच्छे शॉट्स खेलने का मौका मिलता है और यही पल होता है जब ज्यादा से ज्यादा रन बन रहे हैं। जैसै-जैसे मैच आगे बढ़ेगा और पिच की हालत खराब होगी, तो गेंदबाज पूरी तरह से हावी होने लगेंगे, खासतौर पर स्पिनर। ऐसे में यहां पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को ही ज्यादा फायदा मिलेगा।
बांग्लादेश और श्रीलंका की वनडे टीमें (Bangladesh And Sri Lanka ODI Squads)
बांग्लादेश क्रिकेट टीमः मेहदी हसन मिराज (कप्तान), तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शान्तो, तौहीद हृदोय, मोहम्मद नईम, शमीम हुसैन, लिट्टन दास (विकेटकीपर), तंजीम हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, परवेज हुसैन इमोन, तनवीर इस्लाम, रिशाद हुसैन, नाहिद राणा और जेकर अली।
श्रीलंकाई क्रिकेट टीमः चरिथ असलंका (कप्तान), पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिंदु मेंडिस, जेनिथ लियानज, डुनिथ वेलालेज, वानिंदु हसरंगा, महेश थीक्षाना, दिलशान मदुशंका, असिथा फर्नांडो, जेफरी वांडरसे, ईशान मलिंगा, निशान मदुशका और सदीरा समाराविक्रमा।
आज कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम (Colombo Weather Today)
वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच आज कोलंबो में आयोजित हो रहा है लेकिन पिछले वनडे मैच के दिन जैसा मौसम था, अब कोलंबो में स्थिति वैसी नहीं है। पिछले कुछ समय से कोलंबो पर बादलों ने डेरा जमाया हुआ है और अगले कई दिनो तक यहां लगातार बारिश होने का अनुमान है। आज बारिश होने की 65 फीसदी से ज्यादा संभावना जताई गई है, वहीं उमस भी बहुत रहने वाली है। आज कोलंबो में अधितम तापमान 31 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।
