क्रिकेट

SL vs BAN 1st ODI Pitch Report: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच पहले वनडे मैच की पिच रिपोर्ट

SL vs BAN 1st ODI Pitch Report In Hindi Today Match: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच आज (2 July 2025) तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज में हार के बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम मेजबान श्रीलंका के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय सीरीज में वापसी का प्रयास करेगी। पहला वनडे मुकाबला कोलंबो में खेला जाना है। दोनों एशियाई टीमें इस सीरीज में जीत दर्ज करके वनडे रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी। यहां आपको बताएंगे श्रीलंका-बांग्लादेश पहले वनडे मैच की पिच रिपोर्ट और दोनों टीमों के कुछ खास नंबर।

Image

श्रीलंका-बांग्लादेश पहले वनडे मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • श्रीलंका बनाम बांग्लादेश वनडे सीरीज 2025
  • आज श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच पहला वनडे मैच
  • श्रीलंका-बांग्लादेश पहला वनडे कोलंबो में होगा

SL vs BAN 1st ODI Pitch Report Today Match: टेस्ट सीरीज समाप्त होने के बाद अब श्रीलंका और बांग्लादेश (Sri Lanka vs Bangladesh) के बीच आज वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। तीन वनडे मैचों की इस द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मैच आज कोलंबो (Colombo) में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज में मेजबान श्रीलंका ने बांग्लादेश को 1-0 से हराते हुए सीरीज अपने नाम कर ली थी। अब 50 ओवर फॉर्मेट में बांग्लादेश हिसाब बराबर करना चाहेगी। दोनों ही टीमों के बीच क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता काफी आक्रामक और पुरानी है। श्रीलंका वनडे टीम की अगुवाई चरिथ असालंका (Charith Asalanka) कर रहे हैं। जबकि बांग्लादेश वनडे टीम की कमान मेहदी हसन मिराज (Mehidy Hasan Miraz) के हाथों में है। ये मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक आज दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा।

आज श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच होने वाले वनडे सीरीज के पहले मैच से पूर्व आपको बताते हैं कि वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इन दोनों टीमों की टक्कर इतिहास में कैसी रही है और आंकड़े क्या कहते हैं। अब तक श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच 57 वनडे मैच खेले जा चुके हैं जिनमें श्रीलंका का पलड़ा बहुत भारी रहा है। श्रीलंकाई टीम ने 43 वनडे मैचों में बांग्लादेश को शिकस्त दी है। जबकि बांग्लादेश सिर्फ 12 मैचों में श्रीलंकाई टीम को हरा सकी है। दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला था। वहीं ये सीरीज श्रीलंकाई जमीन पर होने जा रही है तो इससे जुड़े आंकड़े भी जान लेते हैं। श्रीलंका में इन दोनों टीमों के बीच आज तक 24 वनडे मैच हुए हैं जिनमें 20 मैच मेजबान श्रीलंका ने जीते हैं, जबकि बांग्लादेश सिर्फ दो बार विजयी रही है। सबसे दिलचस्प आंकड़ा ये है कि आज का मुकाबला कोलंबो के जिस मैदान पर होने जा रहा है उस मैदान पर श्रीलंका-बांग्लादेश के बीच अब तक 10 वनडे मैच हुए हैं और ये सभी मुकाबले श्रीलंका ने जीते हैं, यानी इस मैदान पर बांग्लादेश का खाता खुलना बाकी है।

श्रीलंका बनाम बांग्लादेश पहले वनडे मैच की पिच रिपोर्ट (SL vs BAN 1st ODI Pitch Report)

श्रीलंकाई वनडे टीम और बांग्लादेश वनडे टीम के बीच आज पहला वनडे मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम (R Premadasa Stadium) में आयोजित होने जा रहा है। इस मैदान की पिच की बात करें तो यहां स्कोर तो बड़ा बन सकता है और दोनों टीमों में कई बल्लेबाज ऐसा करने में सक्षम भी हैं लेकिन तीन सौ के करीब कोई भी स्कोर को हासिल करना बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए आसान नहीं होगा क्योंकि यहां स्पिनर्स की अहम भूमिका देखने को मिलती है। दोनों ही एशियाई टीमों के पास शानदार स्पिनर्स मौजूद हैं जो इस मैच की दिशा और दशा तय कर सकते हैं। इस ग्राउंड पर सबसे बड़ा वनडे स्कोर 375/5 है जो भारतीय टीम ने 2017 में मेजबान श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। जबकि न्यूनतम वनडे स्कोर यहां 50 रन है जो श्रीलंका के नाम दर्ज है जब 2023 में टीम इंडिया ने उनको सस्ते में ऑल-आउट कर दिया था। यहां सबसे बड़ा लक्ष्य जो सफलतापूर्वक हासिल हुआ है वो श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2022 में किया था जब उन्होंने 292 रनों का टारगेट चेज कर दिया था। इस मैदान पर अब तक 155 वनडे मैच हुए हैं जिनमें मेजबान टीम को 84 मैचों में जीत मिली है और मेहमान टीम 41 बार जीती है। वहीं पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 84 बार जीत मिली है, जबकि बाद में बैटिंग करने वाली टीम को 59 बार जीत हासिल हुई है। टॉस जीतने वाली टीम को इस मैदान पर 81 मैचों में जीत मिली है। वहीं टॉस हारने वाली टीम 64 बार जीती है।

श्रीलंका और बांग्लादेश की वनडे टीमें (Sri Lanka And Bangladesh ODI Squads)

श्रीलंका वनडे टीमः चरिथ असलंका (कप्तान), पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिंदु मेंडिस, जेनिथ लियानज, डुनिथ वेलालेज, वानिंदु हसरंगा, महेश थीक्षाना, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, निशान मदुशका, सदीरा समाराविक्रमा, असिथा फर्नांडो और जेफरी वांडरसे।

बांग्लादेश वनडे टीमः मेहदी हसन मिराज (कप्तान), तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शान्तो, तौहीद हृदोय, मोहम्मद नईम, शमीम हुसैन, लिट्टन दास (विकेटकीपर), तंजीम हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, जेकर अली, हसन महमूद, परवेज हुसैन इमोन, तनवीर इस्लाम और रिशाद हुसैन।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article